पालक एक ऐसी सब्जी है, जिसे घर-घर में लोग बनाना व खाना पसंद करते हैं। आमतौर पर, पालक को लोग कई अलग तरीकों से बनाते व खाते हैं। यह पोषक तत्वों से भरपूर है। इसके सेवन से ना केवल शरीर में आयरन की कमी दूर होती है, बल्कि कैल्शियम, विटामिन ए, विटामिन सी, एंटी-ऑक्सीडेंट व अन्य कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिसके कारण इसे डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है। लेकिन वो कहते हैं ना कि किसी भी चीज की अति क्षति का कारण बनती है। ऐसा ही कुछ पालक के साथ भी है।
अगर आप भी हेल्दी रखने के चक्कर में आवश्यकता से अधिक पालक का सेवन करते हैं तो इससे आपको कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। तो चलिए आज इस लेख में सेंट्रल गवर्नमेंट हॉस्पिटल के ईएसआईसी अस्पताल की डायटीशियन रितु पुरी आपको पालक से अति सेवन से होने वाले कुछ नुकसानों के बारे में बता रही हैं-
अगर आप बहुत अधिक पालक का सेवन करते हैं तो ऐसे में आपके शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण में समस्या पैदा हो सकती हैं। दरअसल, पालक में मौजूद ऑक्सालिक एसिड जिंक, मैग्नीशियम और कैल्शियम के साथ बंध जाता है, जिससे शरीर पर्याप्त पोषक तत्वों को अवशोषित नहीं कर पाता है, जिससे मिनरल की कमी हो सकती है।
पालक का अत्यधिक सेवन किडनी स्टोन की वजह बन सकता है। दरअसल, पालक में बहुत अधिक मात्रा में कैल्शियम ऑक्सीलेट होता है और जब इसका सेवन अधिक मात्रा में किया जाता है, तो यह आपकी किडनी में छोटे-छोटे स्टोन भी वजह बन सकता है। वहीं, यह गाउन या अर्थराइटिस की समस्या भी खड़ी कर सकता है। पालक में बहुत अधिक मात्रा में प्यूरिन होता है। प्यूरिन का अधिक सेवन भी नहीं करना चाहिए। खासतौर से, अगर आप पहले से ही अर्थराइटिस या जोड़ो के दर्द से परेशान हैं तो ऐसे में पालक का अधिक सेवन जोड़ों में दर्द, सूजन और गठिया का कारण बन सकती है।
पालक का सेवन कुछ स्थितियों में बिल्कुल भी अच्छा नहीं माना जाता है। मसलन, अगर आप रक्त को पतला करने वाली एंटी-कोआग्युलेटिंग दवाएं ले रहे हैं। दरअसल, पालक में विटामिन के प्रचुर मात्रा में पाया जाता है अऔर यह इस तरह की दवाओ के साथ प्रतिक्रिया कर सकता है। इससे आपकी ब्लड क्लॉटिंग की समस्या बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें:नाक में देसी घी की सिर्फ 2 बूंदें डालने से मिलेंगे ये अचूक फायदे
पालक का सेवन यूं तो पाचन तंत्र के लिए अच्छा माना गया है, लेकिन अगर आप इसका आवश्यकता से अधिक सेवन करते हैं तो यह डाइजेस्टिव सिस्टम के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। जब आप इसका सेवन अधिक मात्रा में करते हैं तो शरीर में फाइबर की अधिकता के कारण लोगों को गैस (गैस की समस्या को दूर करेंगे ये नुस्खे), ब्लोटिंग या पेट में दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। कुछ लोगों का तो पालक के अधिक सेवन से डायरिया या कब्ज भी हो जाता है और उनकी हालत बहुत अधिक खराब हो जाती है।
इसे भी पढ़ें:खाली पेट आंवला खाना है कई बीमारियां के लिए रामबाण, आप भी जरूर खाएं
जब बात पालक के अधिक सेवन की हो रही है तो आपको यह भी जानना चाहिए कि पालक का कितना सेवन करना सेहत के लिए उचित है। सामान्य रूप से, एक दिन में तीन कप पालक का सेवन व्यक्ति के लिए पर्याप्त माना जाता है। आप इसे भी अपने अलग-अलग मील्स में डिवाइड करके खा सकते हैं। इतना ही नहीं, पालक का सेवन करते समय आपको इस बात का भी ख्याल रखना है कि आप हर दिन इसका सेवन ना करें, बल्कि एक दिन छोड़कर ही पालक खाएं। इस तरह आप सप्ताह में तीन बार पालक का सेवन कर सकते हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: Freepik.com
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।