भारत में चिकित्सा शास्त्र में आयुर्वेद को बहुत अधिक महत्व दिया गया है। आयुर्वेद में सेहत को दुरुस्त रखने से जुड़ी बहुत सी बातें बताई गई हैं, साथ ही रसोई में मौजूद बहुत सी ऐसी सामग्रियों के बारे में भी बताया गया है जिसका इस्तेमाल बेशक कम होता हो, मगर सेहत के लिए वह किसी वरदान से कम नहीं हैं।
गुड़ को भी हम ऐसे ही सेहतमंद खाद्य पदार्थों में गिन सकते हैं। गुड़ का प्रयोग कई तरह की रेसिपी को तैयार करने में किया जा सकता है। यह खाने को स्वादिष्ट बनाने के साथ ही सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है।
कम इस्तेमाल होने के कारण अक्सर घर में गुड़ बच जाता है और रखे-रखे पुराना हो जाता है। ऐसे में यह सवाल मन उठना लाजमी है कि पुराने गुड़ का क्या किया जाए? कई बार रखे-रखे गुड़ में एक सफेद सी परत नजर आने लगती है और गुड़ का भूरा रंग गहरा होने लग जाता है। ऐसे में गुड़ को खराब समझ कर फेंकने वालों की भी कमी नहीं है।
मगर क्या पुराना गुड़ खाया जा सकता है? क्या गुड़ कभी खराब होता है? इस बारे में जानने के लिए हमने हेल्थ एक्सपर्ट शिखा अग्रवाल शर्मा से बात की।
इसे जरूर पढ़ें: गुड़ से जुड़े ये 5 हैक्स किचन में आएंगे आपके बहुत काम
गुड़ को टेस्ट करके आप इस बात का अंदाजा लगा सकती हैं कि वह ताजा है या पुराना। शिखा बताती हैं, 'गुड़ यदि पुराना होगा, तो स्वाद में थोड़ा सॉल्टी हो जाएगा। '
गुड़ कई तरह के होते हैं। अगर सबसे सेहतमंद गुड़ की बात करें तो खजूर और नारियल का गुड़ सबसे ज्यादा फायदेमंद बताया गया है। वहीं गन्ने का गुड़ भी बनता है। आमतौर पर लोगों को सबसे आसानी से यही गुड़ बाजार में मिलता है। इस गुड़ में कई मिनरल्स जैसे, फॉस्फोरस, जिंक, आयरन, कैल्शियम आदि मौजूद होता है। नेशनल सेन्टर फ़ॉर बायोटेक्नोलॉजी इन्फॉर्मेशन की स्टडी के मुताबिक यह गुड़ आयरन का अच्छा सोर्स होता है। शिखा बताती हैं, 'अधिक आयरन तत्व होने के कारण ही गुड़ जैसे-जैसे पुराना होता जाता है, वैसे-वैसे काला होता जाता है। पुराना गुड़ एनीमिया, लिवर और इम्यूनिटी बढ़ाने का काम करता है। मगर जो लोग वेट कम करना चाहते हैं या फिर जिन्हें डायबिटीज की समस्या है, उन्हें इस गुड़ के सेवन से बचना चाहिए।'
नारियल का गुड़ भी एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर होता है। इतना ही नहीं, इसमें एंटी बैक्टीरियल प्रॉपर्टीज भी होती हैं। शिखा बताती हैं, 'नारियल का गुड़ ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए बहुत ही अच्छा होता है।'
इसे जरूर पढ़ें: चलिए जानते हैं गुड़ से बनने वाली 5 तरह की सबसे फेमस रेसिपीज के बारे में
खजूर का भी गुड़ आता है, यह खजूर के अर्क से तैयार किया जाता है। यूनाइटेड नेशन के फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, 'खजूर का गुड़ हर तरह से शरीर के लिए फायदेमंद होता है, मगर इसमें बहुत अधिक कार्ब्स होते हैं इसलिए इसका सेवन उचित मात्रा में ही करना चाहिए।'
अगर आपको ब्लड शुगर की समस्या है तो आपको प्रतिदिन गुड़ खाने की आवश्यकता ही नहीं है। मगर बीपी की परेशानी और खून की कमी से जूझ रहे लोगों को प्रतिदिन 50 ग्राम गुड़ जरूर खाना चाहिए। आपको बता दें कि गुड़ आपके हीमोग्लोबिन स्तर को बढ़ाता है। वहीं मेटाबॉलिज्म रेट को मजबूत बनाने के लिए आप खाली पेट पानी के साथ गुड़ का सेवन कर सकती हैं। शिखा बताती हैं, 'अगर आपको कब्ज की बीमारी है, तो सुबह उठ कर पानी के साथ गुड़ का सेवन करें, इससे बॉडी डिटॉक्स हो जाती है।'
आप गुड़ की चटनी बना सकती हैं, चीनी की जगह आप चाय में गुड़ भी डाल सकती हैं। वहीं हलवे और खीर में भी गुड़ डाला जा सकता है। अगर घर में किसी को सर्दी-खांसी की समस्या हो गई है तो उसे काली मिर्च, अदरक और गुड़ की चटनी बना कर चाटने से काफी राहत मिलती है।
गुड़ को स्टोर करना बहुत ही आसान है। गुड़ को कभी भी बहुत अधिक गर्म स्थान पर नहीं रखना चाहिए, ऐसा करने पर वह पसीज जाता है। गुड़ को आप यदि एयर टाइट डिब्बे में स्टोर करके रखती हैं तो 20 महीनों तक उसका इस्तेमाल आसानी से कर सकती हैं।
उम्मीद है कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik, Shutterstock
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।