कमर की चर्बी हो जाएगी कम, फॉलो करें 20 मिनट का वर्कआउट प्लान

अगर आपको वर्कआउट करने का टाइम नहीं मिलता, तो हम आपको बताएंगे कुछ ऐसी एक्सरसाइज जिसे करने के लिए ज्यादा वक्त की जरूरत नहीं होगी। बस आपको दिन के बीस मिनट निकालने होंगे और अपनी हेल्थ का ध्यान रखना होगा। 
image

जब से ऑनलाइन काम करने का क्रेज बढ़ा है, तब से लोगों की लाइफस्टाइल में काफी बदलाव आया है। घंटों कंप्यूटर या मोबाइल स्क्रीन के सामने बैठकर काम करने की वजह से उठना-बैठना कम हुआ है। इससे हमारी बॉडी ठीक तरह से काम नहीं कर पाती और कैलोरी भी कम खर्च होती हैं।

इसकी वजह से मोटापा और कई अनहेल्दी चीजें बढ़ गई हैं खासकर कमर के आसपास का मोटापा बढ़ गया है। ऐसे में जरूरी है कमर की चर्बी वक्त रहते कम की जाए और एक्सरसाइज के लिए टाइम निकाला जाए। अगर आप भी अपनी कमर की चर्बी को कम करना चाहते हैं और एक हेल्दी फिगर चाहते हैं, तो यह 20 मिनट का वर्कआउट प्लान आपके लिए बिल्कुल सही है।

आजकल की बिजी लाइफस्टाइल में कम समय में सही तरह से वर्कआउट करना जरूरी है। यह वर्कआउट न केवल आपकी कमर की चर्बी को घटाएगा, बल्कि पूरे शरीर को फिट और टोन करने में भी मदद करेगा। तो देर किस बात की आइए विस्तार से जानते हैं 20 मिनट में किन वर्कआउट को शामिल किया जा सकता है।

20 मिनट वर्कआउट प्लान

Belly Fat Reduction

  • जंपिंग जैक- 5 मिनट
  • माउंटेन क्लाइंबर्स- 5 मिनट
  • साइड क्रंचेस- 5 मिनट
  • हाई नीस- 5 मिनट

जंपिंग जैक कैसे करें?

जंपिंग जैक बहुत ही आसान कार्डियो वर्कआउट है, जो पूरे शरीर को सक्रिय करता है और कैलोरी बर्न करने में मदद करता है। अगर आप इस एक्सरसाइज को नियमित रूप से अपने रूटीन में शामिल करते हैं, तो यह आपके पेट के पास जमी चर्बी को कम कर देती है और आपकी बॉडी को शेप देने का काम करती है।

विधि

  • सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं।
  • फिर हाथों को अपने शरीर के दोनों ओर रखें और पैर एक साथ मिलाएं।
  • एक हल्की छलांग लगाएं। कूदते समय अपने पैरों को कंधे की चौड़ाई तक फैलाएं।
  • साथ ही, हाथों को ऊपर की ओर उठाकर ताली बजाने की मुद्रा में लाएं।
  • एक और छलांग लगाकर अपने पैरों और हाथों को वापस शुरुआती स्थिति में ले आएं।
  • इस प्रक्रिया को लगातार करें। ऐसा करने से यकीनन चर्बी कम होती है।

माउंटेन क्लाइंबर कैसे करें?

20 minutes workout plan to lose belly fat for women in hindi

यह बहुत ही प्रभावी एक्सरसाइज है, जिसे करने से पूरे शरीर की मांसपेशियां एक साथ काम करती हैं। यह एक कार्डियो वर्कआउट है, जो दिल को हेल्दी रखने के साथ-साथ कैलोरी को बर्न करता है।

विधि

  • सबसे पहले हाई प्लैंक पोजिशन में आ जाएं। फिर अपने हाथों को सीधे कंधों के नीचे रखें।
  • अपने शरीर को सिर से एड़ी तक एक सीध में रखें। साथ ही, अपने कोर को सही तरह से रखें।
  • अपने दाहिने घुटने को तेजी से जमीन से ऊपर उठाएं और अपनी छाती की ओर ले जाएं।
  • इसे जितना संभव हो उतना आराम से पास लाएं। फिर इस पैर को वापस शुरुआती पोजीशन में ले जाते हुए बाएं घुटने को छाती की तरफ ले आएं।
  • इसे थोड़ा तेज करने की कोशिश करें, क्योंकि इससे बॉडी को काफी फायदा होगा।

साइड क्रंच कैसे करें

साइड क्रंचेस एक बेहतरीन एक्सरसाइज है, जो आपकी साइड एब्डोमिनल मसल्स को टोन करने में मदद करती है। यह एक्सरसाइज खासकर पेट और कमर के आसपास जमी चर्बी को भी कम करती है।

विधि

lose belly fat in hindi

  • सबसे पहले योगा मैट बिछाएं और पीठ के बल लेट जाएं।
  • अब दोनों घुटनों को मोड़ें और पैरों को जमीन पर सीधा रख लें।
  • फिर दोनों हाथों को सिर के पीछे रखें।
  • अब अपने दाहिने कंधे को बाईं ओर घुमाते हुए उठाएं।
  • इस दौरान पेट के साइड मसल्स पर दबाव महसूस करें।
  • फिर धीरे-धीरे वापस पहली वाली मुद्रा में हो जाएं।
  • इसी तरह बाईं तरफ से उठते हुए दाहिनी ओर घुमाएं।
  • आपको कम से कम उसे दोनों तरफ से 10-15 बार दोहराना है।

हाई नीस कैसे करें?

workout plan to lose belly fat for women (2)

हाई नीस एक ऐसी एक्सरसाइज है, जो पूरे शरीर को एक्टिव करती है। यह वर्कआउट न केवल कैलोरी बर्न करने में मदद करती है, बल्कि आपके पैरों, कोर और कमर की मांसपेशियों को भी मजबूत बनाती है। हाई नीस करने में केवल 5 मिनट लगते हैं और इसे कहीं भी आसानी से किया जा सकता है।

इसे जरूर पढ़ें-कोर स्ट्रेन्थ के लिए करें ये 4 बॉडीवेट एक्सरसाइज

विधि

  • सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं। फिर पैरों को हिप की चौड़ाई जितना फैलाएं।
  • अब अपने हाथों को अपनी कमर के पास या सामने रखें। एक पैर को उठाते हुए घुटने को 90 डिग्री तक लाएं।
  • साथ ही, दूसरे हाथ को आगे बढ़ाएं जैसे दौड़ते समय करते हैं। अब दूसरे पैर को उठाएं और पहले वाले पैर को वापस जमीन पर रखें।
  • इसे तेजी से करें, जैसे आप दौड़ रहे हों। लगातार 5 मिनट तक हाई नीस करें। अगर आप शुरुआत कर रहे हैं, तो बीच में 10-15 सेकंड का ब्रेक ले सकते हैं।

इस तरह आप रोजाना 20 मिनट अपनी हेल्थ को दें और नियमित रूप से इन एक्सरसाइज करें। अगर आपको स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या है, तो हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit:Freepik, Shutterstock

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP