सर्दियों में ज्यादातर लोग घर के काम करने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल करते हैं। इससे आपके हाथ ठंडे नहीं होते और काम भी अच्छी तरह निपट जाता है। जब बात कपड़े धोने की आती है, तो इस बात पर डिबेट होती है कि कपड़े गर्म पानी से धोने चाहिए या गर्म पानी से।
अब चाहे आप हाथ से कपड़े धो रहे हों या वॉशिंग मशीन में, पानी का सही तापमान होना जरूरी है। कई लोगों को लगता है कि गर्म पानी कपड़े साफ करने और कीटाणुरहित करने का सबसे अच्छा तरीका होगा, लेकिन क्या आपको पता है इससे फैब्रिक खराब हो सकता है। हम यह नहीं कहते है इसका इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए, लेकिन कुछ फैब्रिक और डेलिकेट कपड़ों को गर्म पानी से नहीं धोना चाहिए।
1. रेशम और ऊन जैसे नाज़ुक कपड़े हो सकते हैं डैमेज
रेशम और ऊन नेचुरल फाइबर्स होते हैं जो गर्म पानी के संपर्क में आने पर सिकुड़ या मुड़ सकते हैं। इन्हें गर्म पानी में धोने से रेशम की चमक खत्म हो सकती है और ऊनी कपड़ अंदर से डैमेज हो जाते हैं। आप पानी को बहुत हल्का गुनगुना रख सकते हैं, लेकिन गर्म पानी का इस्तेमाल न करें। ऐसे कपड़े ठंडे पानी से ही धोने चाहिए।
2. इलास्टिक या स्पैन्डेक्स वाले कपड़ों में आ सकता है खिंचाव
गर्म पानी समय के साथ इलास्टिक फाइबर को तोड़ देता है, जिससे लेगिंग, स्पोर्ट्स ब्रा और स्विमसूट जैसे इलास्टिक या स्पैन्डेक्स वाले कपड़े अपना आकार खो देते हैं। इनमें अक्सर खिंचाव आ जाता है। ठंडा पानी इलास्टिसिटी को बनाए रखने में मदद करता है और इन कपड़ों को लंबे समय तक नया बनाए रखता है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में जल्दी कपड़े धोने का ये तरीका है नया, बार-बार नहीं होगी दिक्कत
3. डेनिम जींस और जैकेट्स का रंग हो सकता है खराब
डेनिम ऐसा फैब्रिक है जो टिकाऊ होता है। इसकी चमक को बरकरार रखने के लिए इसे ठंडे पानी में ही धोना चाहिए। अगर आप गर्म पानी में इसे धोते हैं, तो यह फीका पड़ सकता है और सिकुड़ सकता है। कपड़े की डाई हाई टेंपरेचर को झेल नहीं पाती है और बहने लगती है। इसके कारण आपकी पसंदीदा जींस या जैकेट का रंग फीका पड़ सकता है। डेनिम को ठंडे पानी में धोने से रंग और आकार बरकरार रहता है।
4. डार्क कलर के कपड़े हो सकते हैं फेड
क्या कभी आपके कोई डार्क रंग के कपड़े पहले खराब हुए हैं? क्या आपने सोचा है कि ऐसा क्यों हुआ होगा? दरअसल, ऐसा गर्म पानी के कारण हो सकता है। ब्राइट कलर्स वाले कपड़े गर्म पानी में फीके पड़ सकते हैं। हाई टेंपरेचर के कारण उनका रंग टूटने लगता है। इससे न सिर्फ उनका रंग फीका पड़ता है, बल्कि वह दूसरे कपड़ों को भी खराब कर देते हैं। रंगों को चटक बनाए रखने के लिए ठंडा पानी ही बढ़िया है।
5. इनर वियर जैसे डेलिकेट्स फट सकते हैं
हमारे इनर वियर हल्के फैब्रिक से बने होते हैं, ताकि शरीर में हवा आर-पार हो सके। अंडर वियर, पैंटी या ब्रा बीदेबल फैब्रिक से तैयार होते हैं। अगर ऐसे कपड़े गर्म पानी से धोए जाएं, तो वह डैमेज हो सकते हैं या फिर फट जाते हैं। बहुत तेज हीट अंडरवायर को डैमेज कर सकती है और लेस को फाड़ सकती है। इसके बजाय ऐसे कपड़ों को गुनगुने पानी से धोया जा सकता है। ब्रा और पैंटी को सही ढंग से धोना जरूरी है।
6. पॉलिएस्टर, सिंथेटिक और एंब्रॉयड्री वाले कपड़े हो सकते हैं खराब
पॉलिएस्टर और सिंथेटिक कपड़े टिकाऊ होते हैं, लेकिन गर्म पानी में धोने पर उन पर दाग लग सकते हैं। गर्म पानी इन कपड़ों को बहुत ज्यादा सख्त और खुरदरा भी बना सकता है। इसी तरह ऐसे कपड़े जो एम्बेलिश्ड या एम्ब्रॉयडेड होते हैं, वे भी खराब हो सकते हैं। एम्बेलिशमेंट्स को अक्सर स्टिच किया जाता है या चिपकाया जाता है, जो गर्म पानी से हट सकता है।
इसे भी पढ़ें: ये 7 लॉन्ड्री हैक्स अपनाएंगी तो कपड़े लंबे समय तक रहेंगे सही
गर्म पानी बैक्टीरिया को मारने और गंदगी हटाने के लिए बहुत बढ़िया है, लेकिन यह कई तरह के कपड़ों पर हार्श हो सकता है। गर्म पानी रेशों को कमजोर कर देता है, रंग को फीका कर देता है और कपड़ों को सिकोड़ देता है।
कोशिश करें कि कपड़ों को ठंडे पानी से ही धोएं। गर्म पानी की जगह गुनगुना पानी फिर भी थोड़ा बेहतर होता है। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों