जीवन में सफलता के लिए अपनी बातों को सभी के सामने रख पाना एक जरूरी गुण है। स्टेज पर लोगों को संबोधित करना भी ऐसा ही गुण है। हालांकि कुछ बच्चे स्टेज पर जाने से घबराते हैं। भले ही घर में खुलकर बोलते हों, लेकिन बात जैसे ही किसी भीड़ को संबोधित करने की हो, उन्हें एक अजीब सी घबराहट होने लगती है। इस डर को बहुत शुरुआती स्तर पर ही खत्म करना बच्चे के विकास के लिए जरूरी है। अगर आपका बच्चा भी ऐसा करता है, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप उसके इस डर को खत्म कर सकते हैं। आइए आर्टेमिस अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार विज्ञान के प्रमुख मनोचिकित्सक व प्रमुख सलाहकार डॉ. राहुल चंडोक से इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
बच्चे में अगर स्टेज का डर है, तो सबसे पहले इसका कारण समझने की कोशिश कीजिए। विशेषज्ञों की राय में इसके आमतौर पर तीन कारण होते हैं। पहला, बहुत ज्यादा अपेक्षा। अपेक्षाओं का दबाव बच्चे को उसकी पूरी क्षमता का प्रयोग करने से रोकता है। दूसरा, कुछ बच्चों के मन में यह सवाल रहता है कि लोग क्या सोचेंगे। इसी डर से उसका प्रदर्शन खराब होता है। तीसरा कारण होता है आत्मविश्वास की कमी। बच्चे को अपनी क्षमताओं का सही अंदाजा नहीं होता है। इस कारण से भी बच्चा सही प्रदर्शन नहीं कर पाता।
इसे भी पढ़ें: गलत शब्दों का इस्तेमाल करने लगा है आपका बच्चा? ऐसे करें कंट्रोल
स्टेज से डरने के जो तीन मूल कारण हैं, उन्हीं में इससे निपटने की राह भी छिपी है। बच्चे को यह समझाएं कि उसे लोगों की अपेक्षाओं के लिए नहीं स्वयं के लिए आगे बढ़ना है। उसे यह बताएं कि प्रदर्शन में सुधार धीरे-धीरे ही होता है। इसलिए पहली बार लोगों की प्रतिक्रिया देखकर उसे घबराने की जरूरत नहीं है। उसे बस अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना है। अपेक्षाओं के बोझ से मुक्त रहकर वह अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। इसी तरह उसे यह समझाएं कि लोगों की सोच से उसका प्रदर्शन तय नहीं हो सकता है। उसे उसकी क्षमता के बारे में समझाएं। उसे बताएं कि जिस तरह से वह घर में अपनी बात खुलकर रखता है, बस उसी आत्मविश्वास से उसे स्टेज पर भी लोगों के सामने अपनी बात रखनी है। उसके हर प्रयास पर उसकी प्रशंसा करें।
इसे भी पढ़ें: बच्चों का ब्रेन शार्प के लिए अभी से कराएं ये एक्टिविटी, फ्यूचर संवारने में मिलेगी मदद
उपरोक्त बातों के अलावा कुछ और बातें भी बच्चे के मन से डर निकाल सकती हैं। उसे समझाएं कि स्टेज पर पहुंचने के बाद कुछ देर ठहरकर शांत मन से सभी की प्रतिक्रिया को देखे। उसके बाद गहरी सांस ले और फिर आगे बढ़े। मन शांत करने के लिए उसे कोई अच्छी सुगंध लेने के लिए भी प्रेरित कर सकते हैं। उसे अपने साथ रुमाल में लैवेंडर या चंदन की खुशबू वाला सेंट लगाकर जाने को कहें। स्टेज पर यह सुगंध उसके मन को शांत रखने में मदद करेगी। उसे डमी ऑडियंस के सामने अभ्यास करने के लिए प्रेरित करें। लगातार अभ्यास से डर खत्म होता है। अगर बच्चे का डर ज्यादा लगे, तो विशेषज्ञ से परामर्श भी ले सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: 2 से 5 साल के बच्चों को डिसिप्लिन सिखाने का ये है बेस्ट तरीका, डांटने की नहीं पड़ेगी जरूरत
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही,अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ
Image credit- Herzindagi
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।