बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार यानी राजेश खन्ना की शख्सियत काफी दिलचस्प थी। वो बहुत दिलदार माने जाते थे और उस दौर का ऐसा कोई हीरो या हिरोइन शायद ही हो जिसने राजेश खन्ना के साथ काम न किया हो या काम करने की इच्छा न जताई हो। राजेश खन्ना का वो दौर था जब वो जिस रास्ते से गुजरते थे लोगों की निगाहें थम जाती थीं। राजेश खन्ना उर्फ जतिन खन्ना को 1965 में फिल्मफेयर मैग्जीन और यूनाइटेड प्रोड्यूसर्स द्वारा एक टैलेंट हंट शो से चुना गया था। इस प्रतियोगिता में 10 हज़ार से ज्यादा आवेदन आए थे पर इसे जीता सिर्फ जतिन खन्ना ने जो आगे चलकर काका उर्फ राजेश खन्ना बन गए।
60 और 70 के दशक में राजेश खन्ना को एक क्रेज माना जाता था और वो धीरे-धीरे सफलता की सीढ़ी चलते जा रहे थे। जहां एक ओर राजेश खन्ना ने लाखों लड़कियों के दिल तोड़े थे वहीं दूसरी ओर उनका खुद का दिल टूटा हुआ था। राजेश खन्ना की मौत 18 जुलाई 2012 में हुई थी और मृत्यु के बाद उन्हें पद्म भूषण अवॉर्ड से नवाज़ा गया था। उनकी डेथ एनिवर्सरी पर चलिए बात करते हैं उन महिलाओं के बारे में जिनका राजेश खन्ना की जिंदगी से बहुत गहरा नाता था।
राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू का वो प्यार जो पूरा नहीं हुआ-
माना जाता है कि राजेश खन्ना अगर किसी एक लड़की के प्यार में पूरी तरह से पागल थे तो वो थीं अंजू महेंद्रू। दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे और 7 साल तक लिव इन में भी रहे थे। राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू बचपन के दोस्त थे और एक दूसरे के साथ कॉलेज में भी रहे थे। दोनों अपने करियर को स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे और अंजू मॉडलिंग, फैशन डिजाइनिंग और फिल्मों में अपना करियर बढ़ाने की कोशिश कर रही थीं और राजेश खन्ना को टैलेंट शो के जरिए ‘आखिरी खत’ (1966) फिल्म में रोल मिल गया था। आपको बता दें कि ये फिल्म 1966 में भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री रही है।
इसे जरूर पढ़ें- सुपरस्टार राजेश खन्ना के बारे में कितना जानते हैं आप? क्विज खेलें और जानें
राजेश खन्ना और अंजू ने एक दूसरे को स्ट्रगल के दौर में खूब संभाला, लेकिन अंजू का करियर बड़े पर्दे पर नहीं चल सका। हालांकि, वो छोटे पर्दे पर बहुत ही फेमस हैं और कई टीवी शोज में अहम किरदार निभा चुकी हैं।
राजेश खन्ना और अंजू के रिश्ते में तब दरार आने लगी जब राजेश खन्ना का स्वभाव बदलने लगा। राजेश खन्ना धीरे-धीरे गुस्सैल होते जा रहे थे और बात-बात पर चिढ़ जाते थे। इसे ही दोनों के अलग होने का कारण माना जाता है। अंजू ने जब राजेश खन्ना से रिश्ता तोड़ा था तब काका टूट गए थे और उन्होंने आनन फानन में डिंपल कपाड़िया से शादी का फैसला लिया था। राजेश खन्ना अंजू से इतने नाराज़ थे कि उन्होंने जानबूझकर अपनी बारात उस रोड से निकलवाई थी जहां अंजू का घर था।
अंजू और राजेश खन्ना भले ही अलग हो गए हों, लेकिन ऐसा माना जाता है कि वो दोनों एक दूसरे से इतना प्यार करते थे कि इस रिश्ते के टूटने से दोनों टूट गए थे। दोनों ने एक दूसरे से 17 सालों तक बात नहीं की और अंत में जाकर दोनों एक दूसरे के अच्छे दोस्त बन गए थे।
स्टारडस्ट मैग्जीन के एक इंटरव्यू में अंजू ने कहा था कि, 'राजेश को मेरे स्कर्ट पहनने से भी दिक्कत होने लगी थी। वो साड़ी पहनने को कहते थे और जब मैं साड़ी पहनती थी तब भी किसी बात पर चिढ़ जाते थे। उनकी एक फिल्म फ्लॉप हो जाती थी तो वो चिढ़ जाते थे। बहुत मूडी थे वो।' इसपर राजेश जी का अलग रिएक्शन था और उन्होंने भी उस दौर के एक इंटरव्यू में कहा था कि वो दिन भर स्टूडियो में शूटिंग करते थे और वापस आते थे तब उन्हें एक नोट मिलता था जिसपर लिखा होता था 'मैं पार्टी करने जा रही हूं।'
राजेश खन्ना को लगता था कि वो अंजू के साथ अकेले समय बिताएं, लेकिन वो होता नहीं था। राजेश खन्ना 1969 में बहुत प्रसिद्ध हो गए थे और 1971 में उन्होंने अंजू को शादी के लिए प्रपोज भी कर दिया था, लेकिन अंजू किसी न किसी बहाने से मना कर देती थीं। ये वो दौर था जब अंजू की नजदीकियां क्रिकेटर गैरी सोबर्स से बढ़ने लगी थीं और ऐसे में झगड़े बढ़ते रहे और ये जोड़ा 1972 में अलग हो गया।
राजेश खन्ना की पत्नी और प्रेमिका: डिंपल कपाड़िया-
डिंपल कपाड़िया और राजेश खन्ना की लव स्टोरी किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं थी। इस कहानी में प्यार, सनक, बेवफाई, दरार, दूरी सब कुछ था। उस समय राजेश खन्ना की फैन्स उन्हें अपने खून से खत लिखकर भेजती थीं। राजेश खन्ना जवां दिलों की धड़कन हुआ करते थे और वो सुपरस्टार थे। उस समय राजेश खन्ना का अफेयर अंजू से खत्म हुआ था और कुछ ही समय में खबर आई कि राजेश खन्ना ने एक ही फिल्म पुरानी 16 साल की डिंपल कपाड़िया से शादी कर ली है जो उनसे 15 साल छोटी थीं।
अपनी पहली ही फिल्म 'बॉबी' से डिंपल कपाड़िया हिट हो गई थीं और वो ऋषि कपूर को शुरुआत में डेट कर रही थीं, लेकिन दोनों का रिश्ता कुछ चला नहीं। इसके बाद काका ने फिल्म 'बॉबी' देखी और वो डिंपल की तरफ आकर्षित हो गए। डिंपल कपाड़िया राजेश खन्ना की बहुत बड़ी फैन हुआ करती थीं और जब उन्हें राजेश खन्ना का प्रपोजल मिला तो डिंपल ने तुरंत हां कर दी।
डिंपल ने सालों बाद अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि, 'राजेश खन्ना से शादी करना मेरा सबसे बड़ा फैसला था और इतनी खुशी मुझे फिल्मों की सफलता से भी नहीं मिलती थी जितनी राजेश खन्ना को हां कहकर उस एक पल में मिली थी।'
1972 में अंजू से ब्रेकअप के बाद मार्च 1973 में राजेश खन्ना और डिंपल की शादी हो गई थी। डिंपल कपाड़िया उस दौर में अपने सपनों की जिंदगी जी रही थीं। राजेश खन्ना ने अपने परिवार और दोस्तों के लिए एक बड़ा रिसेप्शन रखा था। इसके बाद वो लोग अपने हनीमून के लिए यूरोप गए थे। डिंपल ने उसके बाद अपने स्टारडम को छोड़ दिया और अपनी गृहस्थी में रच बस गईं।
पर राजेश खन्ना का नेचर डिंपल को उस समय खटकने लगा। राजेश खन्ना की फिल्में 70 के दशक के अंत में और 80 के दशक की शुरुआत में फ्लॉप होने लगीं। राजेश खन्ना को उस दौर में शराबी कहा जाने लगा और वो अपनी फिल्मों के फ्लॉप होने से काफी दुखी थे। राजेश खन्ना को डिंपल ने हमेशा सपोर्ट करने की कोशिश की, लेकिन शादी की परेशानियां बढ़ती चली जा रही थीं।
ये वो दौर था जब राजेश खन्ना ने टीना मुनीम से नाता जोड़ लिया था। टीना मुनीम जो अब टीना अंबानी हैं वो एक समय में राजेश खन्ना के इतने करीब आ गई थीं कि डिंपल के साथ उनकी शादी में दरार तक पड़ गई थी।
'सौतन' के साथ खत्म हुई डिंपल-काका की लव स्टोरी और शुरू हुआ एक नया अध्याय-
यहां हम बात कर रहे हैं फिल्म 'सौतन' की जिसमें टीना मुनीम और राजेश खन्ना ने एक साथ काम किया था। टीना मुनीम ने राजेश खन्ना के साथ कुल 11 फिल्में की थीं और उनके अफेयर की खबरें दिन प्रतिदिन बढ़ती चली जा रही थीं। इन दोनों के रोमांस की खबरें फ्रंट पेज की न्यूज़ होती थी। राजेश खन्ना और टीना मुनीम एक साथ फिल्म 'सौतन' की शूटिंग के लिए मॉरीशस गए थे और उस वक्त हर तरफ बस इन्हीं दोनों की चर्चा होती रहती थी।
डिंपल कपाड़िया इस बात से खुश नहीं थीं और दिन प्रतिदिन टूटती चली जा रही थीं। आखिर में इन दोनों के मॉरिशस से वापस आने से पहले ही डिंपल ने राजेश खन्ना के बंगले 'आशीर्वाद' को छोड़ दिया। वो बिना किसी को कुछ बताए अपनी बेटियों ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना को लेकर राजेश खन्ना की जिंदगी से अलग हो गई थीं।
1985 में इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में डिंपल ने कहा था, 'हमारे घर से खुशी और जिंदगी उसी दिन खत्म हो गई थी जब मैंने राजेश से शादी की थी।' टीना मुनीम और राजेश खन्ना ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक भी कर दिया था, लेकिन बहुत बहस के बाद भी राजेश खन्ना अपनी पत्नी डिंपल को तलाक देने को तैयार नहीं थे और अपनी बेटियों ट्विंकल और रिंकी को छोड़ने को भी तैयार नहीं थे। टीना को लगा कि उनके साथ धोखा हो रहा है और उन्होंने राजेश खन्ना को छोड़ दिया।
इस वक्त राजेश खन्ना पूरी तरह से अकेले हो गए थे क्योंकि डिंपल फिर कभी उनकी जिंदगी में वापिस नहीं आईं।
इसे जरूर पढ़ें- शर्मीला टैगोर, नीतू सिंह, जया बच्चन, डिंपल कपाड़िया सहित इन 10 बॉलीवुड जोड़ियों की शादी की तस्वीरें
आखिरी वक्त की साथी: अनीता आडवाणी-
अनीता आडवाणी का नाम शायद आपने सुना हो क्योंकि राजेश खन्ना की मौत के बाद उनके बंगले पर हक जताने वाली अनीता ही थीं जो काका के साथ लंबे समय तक उस बंगले में लिव इन रिलेशनशिप में रही थीं। हालांकि, अनीता के इस दावे को डिंपल कपाड़िया और अन्य परिवार वालों ने सिरे से नकारा था और इस बारे में कोर्ट केस भी चला था।
बहुत कम लोग जानते हैं कि अनीता अडवानी ने डिंपल कपाड़िया की फिल्म 'साजिश' में काम भी किया था। आखिर में अनीता आडवाणी ने राजेश खन्ना पर यौन शोषण का आरोप भी लगाया था। हालांकि, अनीता आडवाणी और राजेश खन्ना का रिश्ता कभी भी राजेश खन्ना ने स्वीकार नहीं किया, लेकिन दोनों की कई तस्वीरें हैं जो इंटरनेट पर वायरल हुई थीं।
आखिरी वक्त में राजेश खन्ना का साथ उनकी पत्नी डिंपल ने दिया था और जब काका बीमार होने लगे थे तो डिंपल उनसे मिलने आती थीं। रिपोर्ट्स कहती हैं कि जब काका की मौत हुई तो उनके बेजान हाथ को अपने हाथ में लेकर डिंपल न जाने कितने घंटे रोती रही थीं।
राजेश खन्ना का फिल्मी करियर काफी अच्छा रहा था, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ में हमेशा स्ट्रगल रहा है। राजेश खन्ना की इस स्टोरी को पढ़कर आपको कैसा लगा ये हमें हरजिंदगी के फेसबुक पेज पर जरूर बताएं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों