घर के गार्डन में ज्यादा नमी और पानी की वजह से मिट्टी में घोंघे होने लगते हैं। ये घोंघे कई बार आपके गार्डन के पौधों को तो खराब करते ही हैं और इसमें निकलने वाली सब्जियों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। घोंघे दिखने में घिनौने, बदसूरत और विनाशकारी होते हैं जो आपके लॉन और बगीचे को पूरी तरह से नुकसान पहुंचा सकते हैं।
इन घोंघों से छुटकारा पाना थोड़ा मुश्किल होता है क्योंकि ये मिट्टी के अंदर चले जाते हैं और आसानी से बाहर नहीं निकलते हैं। इन घोंघों को कुछ आसान घरेलू नुस्खों से गार्डन से दूर किया जा सकता है और इन्हें वापस आने से भी रोका जाता हैं। आइए जानें कौन से हैं वो घरेलू नुस्खे जिनसे इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
बीयर ट्रैप बनाएं
भले ही आपको यकीन न हो लेकिन घोंघे बीयर की खुशबू से इसकी तरफ आकर्षित होते हैं। इसलिए गार्डन से घोंघे दूर भगाने का ये सबसे अच्छा तरीका है। इसके लिए आपको ये करना होगा कि एक बड़े प्लास्टिक कंटेनर में एक बोतल बीयर डालें। इस कंटेनर को गार्डन के बीचों -बीच रख दें। यह माना जाता है कि घोंघे बीयर की गंध का विरोध नहीं कर सकते हैं, जिससे यह एक जाल के रूप में इस कंटेनर में इकट्ठे होने लगते हैं। जैसे ही ये इस कंटेनर में इकट्ठे होते हैं आप इन्हें गार्डन से दूर कहीं हटा सकती हैं। हालांकि ये उपाय आप छोटे गार्डन के लिए ही आजमा सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें:पुरानी पानी की बाल्टी में उगाए जा सकते हैं ये 3 आकर्षक पौधे
कॉपर टेप का इस्तेमाल
तांबे का उपयोग भी घोंघे भगाने के लिए एक अच्छा उपाय माना जाता है। कॉपर को घोंघों के लिए एक प्राकृतिक विकर्षक माना जाता है क्योंकि उनके शरीर से निकलने वाला बलगम धातु के साथ प्रतिक्रिया करता है, जिससे एक छोटा बिजली का झटका लगता है और वो उस जगह से दूर होकर मर जाते हैं। तांबे के टेप को घोंघों के खिलाफ प्रभावी रहने के लिए, इसे सिरके से नियमित रूप से साफ करने की आवश्यकता होती है और इसे नियमित रूप से उस स्थान पर रखें जहां ज्यादा मात्रा में घोंघे हों।
अंडे के छिलकों का इस्तेमाल
कुचले हुए अंडे के छिलके घोंघों के लिए एक बेहतरीन घरेलू उपचार के रूप में काम करते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि घोंघों को नुकीली चीजों को पार करना पसंद नहीं होता है, हालांकि ऐसा करना उनके लिए असंभव नहीं है, लेकिन वे ऐसा करना पसंद नहीं करते हैं। इस उपाय के लिए अंडे के छिलकों को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और उन फूलों, पौधों, सब्जियों और फलों के चारों ओर रखें, जिन्हें आप घोंघों के नुकसान से बचाना चाहते हैं। ये उपाय आपको इस समस्या से छुटकारा तो दिलाएगा ही इसके अलावा ये गार्डन की मिट्टी के लिए उर्वरक का काम भी करेगा।
पेट्रोलियम जेली का इस्तेमाल
पॉटेड प्लांट्स को घोंघों के नुकसान से बचाने के लिए पेट्रोलियम जेली एक अच्छा तरीका हो सकता है। पेट्रोलियम जेली की फिसलन वाली बनावट घोंघों को गमले में प्रवेश से पूरी तरह से रोकती है और ये पौधे को नुकसान नहीं पहुंचा पाते हैं। इसके इस्तेमाल के लिए पेट्रोलियम जेली को गमलों के चारों तरफ और पौधों के तने में लगाएं। इस नुस्खे से घोंघे पौधों में प्रवेश नहीं कर पाएंगे और पौधे इनके नुकसान से बचे रहेंगे।
इसे जरूर पढ़ें:पुरानी पानी की बाल्टी में उगाए जा सकते हैं ये 3 आकर्षक पौधे
कॉफ़ी का इस्तेमाल
कॉफी की तेज खुशबू घोंघों को दूर भगाने का एक कारगर उपाय है। इसके लिए आपको पिसे हुए कॉफी बीन्स या कॉफ़ी पाउडर की आवश्यकता होगी। अपने पौधों के चारों ओर की मिट्टी में आवश्यकतानुसार कॉफी पाउडर छिड़कें। इस नुस्खे ले लिए ताजी कॉफी ज्यादा असरदार होती है। इसके अलावा इसमें कैफीन की मात्रा जितनी अधिक होगी, समाधान उतना ही अधिक प्रभावी होगा। कॉफ़ी की महक से घोंघे दूर होने लगते हैं और वापस गार्डन में नहीं आते हैं।
चकोतरा फल का इस्तेमाल
घोंघों को खट्टे फल मुख्य रूप से पसंद होते हैं इसलिए आप गार्डन में कुछ खट्टे फलों को घोंघे दूर करने के रूप में इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए चकोतरा या बड़े आकार के नींबू के खाली छिलके को जमीन पर उल्टा रखें, यह सुनिश्चित कर लें कि घोंघे के प्रवेश करने के लिए पर्याप्त निकासी हो। चकोतरा का छिलका घोंघों के लिए नम वातावरण प्रदान करता है इसलिए ये इसकी तरफ आकर्षित होते हैं। इसे रात भर के लिए छोड़ दें और सुबह पकड़े गए किसी भी घोंघे को गार्डन से दूर हटा दें।
उपर्युक्त सभी नुस्खों से आप गार्डन में होने वाले घोंघों से छुटकारा तो पा ही सकती हैं और इन्हें बार -बार गार्डन में आने से भी रोक सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Recommended Video
Image Credit: freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों