
पिछले हफ्ते हमने एसआईपी के बारे में बात की, यह एक छोटा, किंतु सधा हुआ कदम है जो आपके धन को बढ़ाने में सहायक है। बहुत से लोगों ने मुझे ये बताया कि आपने अपनी पहली एसआईपी शुरू की है, यह सुनकर मुझे भी प्रसन्नता हुई। एक बार जब हमने ये बात समझ ली कि धन को यूं ही सुरक्षित रखने के बजाय बढ़ाने के विषय में सोचना चाहिए, तो उसके विभिन्न विकल्पों की खोज भी स्वाभाविक है। इस हफ्ते हम बात करेंगे सोने की। ये बहुमूल्य धातु हम सभी महिलाओं की प्रिय है। किसी अन्य निवेश के साथ इतना भावनात्मक जुड़ाव नहीं होता जितना कि सोने के साथ। इसके साथ यादें जुड़ी होती हैं। जब दादी मां के सोने के कंगन बिटिया को शादी में मिलते हैं, तो वो सिर्फ गहने नहीं होते बल्कि सुख-समृद्धि का आशीर्वाद होता है, पर बतौर निवेशक हमें सोने को लेकर दिल से ही नहीं बल्कि दिमाग से भी सोचने की आवश्यकता होती है।
लोग सोने को भविष्य की असुरक्षाओं के मध्य एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में देखते हैं। जब पूरी दुनिया में आर्थिक अनिश्चितता का माहौल, मुद्रास्फीति बढ़ती दिखी, मुद्राओं का मूल्य घटा, तब भी सोने की मजबूती कायम रही। यही वजह है कि हमारे बड़े सलाह देते हैं कि बचत राशि से सोने में थोड़ा निवेश अवश्य करना चाहिए। उन्हे अर्थ से जुड़े जटिल शब्दों का ज्ञान नहीं था, लेकिन उनकी सूझबूझ कुशल निवेशक की तरह ही थी, उन्होंने सोने की खरीद से ऐसा प्रबंध किया कि आड़े वक्त में वो धन काम आ सके। महिलाएं कुशल निवेशक होती हैं। पीढ़ियों से उन्होंने ये साबित किया है। त्योहार पर सोने की गिन्नी या गहने खरीदने के मायने परंपरा निभाने से कहीं अधिक हैं।

वर्ष 2025 में सोने के दाम में करीब 50 प्रतिशत का अप्रत्याशित उछाल आया। यानी उनके अंतर्मन में गहरी समझ थी। जिन महिलाओं ने शांत भाव से सोने में निवेश किया, उनका धन तेजी से बढ़ा। बाजार विशेषज्ञों की तुलना में उनकी समझ अधिक कारगर साबित हुई। हालांकि ये भी सही है कि हमें समय से साथ उस समझबूझ को और अधिक बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए।
सोने के रूप में करें सेविंग्स सोने के रूप में धन को सुरक्षित रख सकते हैं, लेकिन उससे धन को विस्तार नहीं दिया जा सकता। देखा जाए तो ज्यूलरी सुंदर लगती है, लेकिन वह निवेश नहीं है। उसमें मेकिंग चार्ज, डिजाइन का मूल्य और भावनात्मक जुड़ाव होता हैे, लेकिन उसमें तरलता कम होती है। उसे पहनने में प्रसन्नता मिलती है, पर जब उसे बेचते हैं तो वो घाटे का सौदा होता है, क्योंकि मेकिंग चार्ज सीधे तौर पर कट जाता है। सोने में निवेश सोच-विचार कर सही तरीके से करना चाहिए, जिससे आपके लक्ष्य जुड़े हों।
यह भी पढ़ें- Main Hoon Apni Dhanlaxmi: चांदी की कीमतों में क्यों आ रहा है उछाल, क्या यह निवेश का सही विकल्प है?
सोने में निवेश में एक प्रकार की स्थिरता होती है, जबकि अन्य निवेशों जैसे शेयर या म्यूचुअल फंड्स में उतार-चढ़ाव आते हैं। बहुत से वित्त विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अपनी संपूर्ण निवेश राशि का दस प्रतिशत सोने में निवेश करना चाहिए। इस प्रकार मुश्किल समय में आप सुरक्षित महसूस करेंगे, वहीं अन्य विकल्पों में निवेश से धन की बढ़त भी होती रहेगी। हालांकि ये भी सच है कि सोने के सहारे मुद्रास्फीति से निपटना मुश्किल है। धन को बढ़ाने के लिए आपको ऐसे विकल्पों का चयन करना चाहिए जहां धन तेजी से बढ़े जैसे इक्विटी म्यूचुअल फंड्स या व्यवसाय।
अच्छी खबर ये है कि आजकल आपको सोने में निवेश के लिए ज्वेलरी या सोने की वास्तविक गिन्नी या सिक्का खरीदने की आवश्यकता नहीं है। उनके बजाय कई अन्य सुरक्षित और सहज विकल्प मौजूद हैं। ऐसा ही एक विकल्प है गोल्ड ईटीएफ या एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स, जो म्यूचुअल फंड्स की तरह ही हैं, उसकी राशि का निवेश सोने में किया जाता है। शुद्धता या सुरक्षित रखने चिंता के बगैर आप उन्हें शेयर बाजार में खरीद या बेच सकती हैं।

एक अन्य अच्छा विकल्प है सॉवरेन गोल्ड बांड्स, जो भारत सरकार द्वारा जारी किए जाते हैं। सोने की कीमतें घटने-बढ़ने के साथ ही उनका मूल्य भी घटता-बढ़ता है, इनमें आपको सालाना आंशिक ब्याज भी मिलता है। इन्हें डिजिटली स्टोर किया जाता है, कुछ साल बाद इन्हें बेच सकती हैं। जो लोग दीर्घकालिक निवेश करना चाहते हैं उनके लिए ये अच्छा विकल्प है।
अगर आपका डीमैट अकाउंट नहीं है, तो गोल्ड म्यूचुअल फंड्स में निवेश सहज रहेगा। इसके माध्यम से गोल्ड ईटीएफ में निवेश किया जाता है। आप छोटी सी एसआईपी से इसकी शुरुआत कर सकती हैं। पिछले हफ्ते हमने एसआईपी की चर्चा की थी, ये बिल्कुल वैसा ही है। इसके माध्यम से धीरे-धीरे आप सोने में बड़ा निवेश कर सकती हैं। हालांकि यहां सजग और सतर्क रहना जरूरी है। बहुत सी वेबसाइट और ऐप्स पर डिजिटल गोल्ड की खरीद-फरोख्त के आकर्षक ऑफर दिखते हैं। धोखाधड़ी वाले अनियमित प्लेटफार्म से बचना चाहिए, उनके साथ आधिकारिक सुरक्षा नहीं जुड़ी होती। सरल शब्दों में कहें तो ऐसे प्लेटफार्म आपका धन लेने के बाद किसी दिन अचानक बंद हो जाएं तो आप कुछ नहीं कर सकेंगी। इसलिए यदि आप डिजिटल गोल्ड खरीदना चाहती हैं तो विश्वसनीय प्लेटफार्म का इस्तेमाल करें और छोटी राशि से शुरुआत करें। किसी भी रूप में सोने में निवेश करें, उससे पहले स्वयं से तीन सवाल करें- मैं इसे क्यों खरीद रही हूं, सुरक्षा, भावनात्मक जुड़ाव या बढ़त के लिए? यदि कभी आवश्यकता पड़ी तो मैं उसे किस प्रकार बेच सकती हूं? क्या ये मेरी आर्थिक योजनाओं के अनुरूप है? बाजार के अनुमानों या लुभावने विज्ञापनों के मुकाबले इन सवालों के जवाब ही आपके लिए सही मार्गदर्शक बनेंगे।
सोना हमेशा से हमें प्रिय रहा है, पर अब निवेश पोर्टफोलियो में भी इसकी खास जगह है। पृष्ठभूमि में सधी रफ्तार के साथ ये आपकी वित्तीय सफलता में साथी बन सकता है। महिला की समृद्धि की आभा उसके द्वारा पहनी जाने वाली ज्यूलरी में नहीं होती, बल्कि उस आत्मविश्वास और मानसिक स्पष्टता में होती है, जिसके साथ वह अपने लिए आर्थिक निर्णय लेती है।
यदि इस विषय पर आप और जानकारी चाहती हैं या आपके मन में कोई प्रश्न हैं, तो हमें ईमेल के माध्यम से अवश्य लिखें।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।