लोकसभा के परिणाम घोषित हो गए और इस बार ब्रैंड मोदी का जादू 2014 से भी ज्यादा दिखा। ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बीजेपी पिछली बार से भी ज्यादा सीटें जीती है। बीजेपी ने इसबार के चुनाव में अपने दम पर 300 के आंकड़े को हासिल किया है। एनडीए गठबंधन कुल 352 सीटें जीतने में सफल रहा है। बीजेपी की इस जीत में पीएम मोदी का चेहरा और बीजेपी चीफ अमित शाह रणनीति को अहम माना जा रहा है। वहीं, इस बार के चुनाव में देश में महिला सशक्तीकरण देखने को मिला। इस बार के चुनावों में महिलाओं में कुछ फेमस चेहरे भी उम्मीदवारी की लिस्ट में थीं, जिन्होंने अपनी जीत का परचम लहराया। अमेठी, चंडीगढ़, बठिंडा, सुलतानपुर, मथुरा और प्रयागराज जैसी सीटों पर इन महिलाओं ने जीत दर्ज की। आइए जानें वह कौन-कौन सी फेमस महिला पॉलिटिशियन हैं जिन्होंने जीत अपने नाम की।
हेमा मालिनी
बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी एक बार फिर मथुरा से चुनाव जीत चुकी हैं। उन्होंने सपा, बीएसपी और आरएलडी गठबंधन के प्रत्याशी आरएलडी के नरेंद्र सिंह और कांग्रेस से महेश पाठक को हरा कर यहां की सीट जीत ली। मथुरा लोकसभा सीट हेमा मालिनी को 287892 वोट मिले हैं। बता दें कि जीत पर हेमा ने मथुरा की जनता का आभार जताया है और अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने के साथ विकास की नई इबारत लिखने का भरोसा दिलाया है। 2014 में चली मोदी लहर में हेमा मालिनी यहां करीब 53 फीसदी वोट मिले थे।
स्मृति ईरानी
उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से स्मृति ईरानी की जीत को एक बड़ी जीत माना जा रहा है क्योंकि इस सीट से बीजेपी की स्मृति ईरानी का मुकाबला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से था और स्मृति ने यहां 55120 वोटों से जीत हासिल की। अमेठी हमेशा से ही कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। गांधी परिवार से राहुल गांधी इस सीट पर 2004 से लगातार जीत दर्ज कर रहे थे। राहुल को उनके ही गढ़ कहे जाने वाले अमेठी में स्मृति ने करारी शिकस्त दी है। स्मृति को यहां 4,67,598 वोट और राहुल को 4,13,394 वोट मिले। आपको बता दें कि स्मृति 2014 में भी यहीं से राहुल के खिलाफ चुनावी मैदान में थीं लेकिन एक लाख वोटों से हार गई थीं। अगर स्मृति के चुनावी सफर की बात करें 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद स्मृति लगातार अमेठी में डटी रहीं और उन्होंने राहुल की अमेठी से गैरमौजूदगी को अपना चुनावी मुद्दा बनाया।
मेनका गांधी
उत्तर प्रदेश की सुलतानपुर लोकसभा सीट पर इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिली। बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी और गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिर्फ उर्फ सोनू सिंह के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, आखिरी बाजी मेनका गांधी ने मारी और उन्होंने 14,526 वोटों के अंतर से सोनू सिंह को हरा दिया। मेनका को 459196 वोट मिले वहीं, चन्द्रभद्र सिंह को 444670 वोट ही मिले। इस बार के लोकसभा चुनाव में मेनका गांधी ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से अपनी सीट बदल दी थी। इसबार वह सुल्तानपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ी थीं।
रीता बहुगुणा जोशी
वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृत्व एवं बाल कल्याण और पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने प्रयागराज सीट पर अमिताभ बच्चन के बाद अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। प्रयागराज संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. रीता बहुगुणा जोशी 184275 मतों से विजयी हुई हैं। उन्हें कुल 494454 वोट मिले। सपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह पटेल को 310179 और कांग्रेस प्रत्याशी योगेश शुक्ला को 31953 वोट मिले हैं।
हरसिमरत कौर बादल
केंद्रीय मंत्री और शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार हरसिमरत कौर बादल ने बठिंडा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को हरा दिया है। बठिंडा से दो बार की सांसद हरसिमरत कौर ने वडिंग को 21,772 मतों से पराजित किया। हरसिमरत ने 4,92,824 वोट हासिल किए तो वडिंग को 4,71,052 वोट मिले है। 2014 के लोकसभा चुनावों में हरसिमरत ने यहां से 19,395 मतों से जीत दर्ज की थी।
पूनम महाजन
इस बार मुंबई की मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट पर बेहद रोमांचक मुकाबला रहा। यहां बीजेपी की पूनम महाजन ने कांग्रेस की प्रिया दत्त को 1,30,005 वोटों से हरा दिया है। साल 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में पूनम महाजन ने कांग्रेस की प्रिया दत्त को इस सीट पर मात दी थी।
इसे जरूर पढ़ें: Election Results 2019: मोदी सरकार से महिलाओं की क्या उम्मीदें हैं? जानें
राजकुमारी दिया
लोकसभा चुनाव में राजस्थान की सभी सीटों पर बीजेपी को जीत हासिल हुई है। राजसमंद से बीजेपी ने जयपुर राजघराने की राजकुमारी दिया कुमारी को लोकसभा का उम्मीदवार बनाया था। दिया को यहां से 5,519,16 वोटों से जीत मिली है और इसके साथ ही वह अपनी दादी राजमाता गायत्री देवी के बाद सांसद बनने वाली राजघराने की दूसरी सदस्य बन गई हैं।
किरण खेर
चंडीगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी की किरण खेर ने कांग्रेस के प्रत्याशी पवन बंसल को हराया। किरण ने पवन बंसल को 46850 वोट से शिकस्त दी है। किरण को 230967 वोट मिले हैं, जबकि पवन बंसल को 184117 वोट मिले। किरण खेर वर्तमान में यहां से सांसद हैं। किरण खेर से पहले यहां से पवन कुमार बंसल कांग्रेस के सांसद रहे हैं। इस सीट से पवन कुमार बंसल 4 बार चुनाव जीत चुके हैं, जिसमें से उन्होंने तीन बार लगातार जीत दर्ज की है। 2014 में किरण ने इस सीट पर जीत हासिल की थी और अब एक बार फिर उन्होंने जीत हासिल की। किरण ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही फल है। इस जीत से देश के विकास में काफी सहयोग मिलेगा।
Recommended Video
Photo courtesy- (Times Now Hindi, twitter.com@Chowkidar Kirron Kher, Complete Wellbeing, News Track English, Times of India, Royal Jaipur)
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों