बाजार की ग्रेवी खाकर हो गए हैं बोर, तो मिनटों में इन ट्रिक्स से बनाएं स्पेशल मखनी ग्रेवी

बाजार से वही एक जैसी मखनी ग्रेवी खाकर बोर हो गए हैं, तो आप शेफ पंकज भदौरिया के टिप्स लेकर इसे घर पर भी बना सकते हैं। उन्होंने घर पर बेहतरीन मखनी ग्रेवी बनाने की आसान रेसिपी साझा की है।

 
tips to make makhani gravy recipe

दाल मखनी, पनीर मखनी, बटर चिकन... इन डिशेज में कॉमन क्या है? मखनी! हम किसी रेस्तरां में भी जाते हैं, तो ये कुछ व्यंजन हैं जो अक्सर ऑर्डर किए जाते हैं। इसका कारण एक ये भी है कि बाकी चीजों के साथ एक्सपेरिमेंट करने से अच्छा लगता है उन डिशेज को चुनना जिसे लेकर हम कॉन्फिडेंट हैं।

अधिकतर लोगों को ये व्यंजन पसंद भी आते हैं और घर पर भी खास मौकों पर इन्हीं चीजों को बनाया जाता है। मैं यदि बाहर जाती हूं तो अपने दाल मखनी ही ऑर्डर करती हूं। रेस्तरां वाली दाल मखनी का स्वाद मुझे बहुत अच्छा लगता है। इसी तरह मेरा भाई अक्सर बटर चिकन ढूंढता है। मुझे यकीन है कि ऐसे ही आपकी भी अलग-अलग चॉइसेस होंगी।

मखनी ग्रेवी बनाना आपको भले ही आसान लगे, लेकिन यह मुश्किल हो सकता है। सामग्री में गलती हुई तो ग्रेवी का स्वाद भी बिगड़ सकता है। हालांकि, ऐसा नहीं है कि यह डिश आप घर पर नहीं बना सकते। जानी-मानी मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने सोशल मीडिया पर मखनी ग्रेवी को सही तरह से बनाने का तरीका साझा किया था। आइए हम भी उन्हीं इसकी क्लासेस लें और घर पर ही मखनी ग्रेवी तैयार करें।

मखनी ग्रेवी क्या है?

what is makhani gravy

नॉर्थ इंडिया के कई सारी डिशेज में इस ग्रेवी का इस्तेमाल होता है। किसी भी व्यंजन को गाढ़ा, स्मूथ और बटरी स्वाद देने के लिए मखनी ग्रेवी बनाई जाती है। इसे टमाटर और अन्य कुछ मसालों को पीसकर तैयार किया जाता है। ऐसी ग्रेवी में आमतौर पर मक्खन का उपयोग खुले हाथों से होता है, जो खाने के स्वाद में भी इजाफा करता है।

इसे भी पढ़ें: बिना प्याज के करना है ग्रेवी को थिक तो करें ये काम

परफेक्ट मखनी ग्रेवी बनाने के लिए जरूरी सामग्री-

यह रेसिपी बनाने के लिए आपको कम से कम 8-10 टमाटर, 1 बड़ा प्याज, अदरक, 7-8 लहसुन की कलियों की जरूरत होगी। ध्यान रखें कि ऐसी ग्रेवी बनाने के लिए काजू और खरबूजे के बीजों का इस्तेमाल किया जाता है, जो ग्रेवी को एक खास तरह का टेक्सचर देता है। इसमें साबूत मसालों का बहुत ज्यादा इस्तेमाल नहीं होता। तेज पत्ते, हरी इलायची और दालचीनी से काम चल जाता है।

परफेक्ट मखनी ग्रेवी बनाने का तरीका-

  • मखनी ग्रेवी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन को धीमी आंच पर गर्म कर लें और इसमें 4 सूखी लाल मिर्च के साथ ऊपर बताई गई सभी सामग्री डालें। टमाटर में से 4-5 टमाटर अलग निकाल लें और उसकी ताजा प्यूरी बनाकर रख लें।
  • पैन को धीमी आंच पर ही रखें और ढककर 15 से 20 मिनट तक पकने दें। इससे प्याज और टमाटर नरम हो जाएंगे। ढक्कन हटाकर देखें, यदि आपको सामग्री पकी हुई लगे, तो आंच को बंद कर दें।
  • इस सामग्री को ठंडा करके एक ब्लेंडर में डालें और एक अच्छी कंसिस्टेंसी वाला गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
  • अब वही पैन फिर से गर्म करें और उसमें 2 चम्मच मक्खन और तेल डालकर गर्म कर लें। इसमें अजवाइन और 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
  • इसके बाद पैन में ब्लेंड किया हुआ मिश्रण डालकर धीमी आंच पर पकाएं। इसे 5 मिनट तक पकाने के बाद इसमें टमाटर की प्यूरी डालें और दोबारा चलाते हुए पकाएं।
  • ऊपर से नमक, गरम मसाला और 1 चम्मच चीनी या शहद डालकर पकाएं। आपकी मखनी ग्रेवी तैयार है, अब इसमें आप पनीर के टुकड़े डालें या चिकन बनाएं।

मखनी ग्रेवी बनाने के लिए हरजिंदगी के खास टिप्स-

tips to make makhani gravy

  • अगर आप मखनी में स्वदा बढ़ाना चाहें, तो काजू को 1 चम्मच घी में थोड़ा-सा भून लें। इसके बाद जब उसे ग्रेवी में डालेंगे, तो स्वाद में इजाफा होगा।
  • अगर आप चाहते हैं कि आपकी ग्रेवी में शाइन दिखे और टेक्सचर अच्छा लगे, तो एक कटोरी में पिघला हुआ 1 चम्मच मक्खन और आधा चम्मच कॉर्न फ्लोर डालकर मिलाएं और फिर इसे ग्रेवी में डालकर पकाएं। इससे ग्रेवी अच्छी दिखेगी।
  • अगर आपकी ग्रेवी बहुत ज्यादा पतली हो गई है और आप उसे गाढ़ा करना चाहते हैं, तो आपके पास दो विकल्प हैं। एक आप उसमें थोड़ा-सा कॉर्न फ्लोर का घोल डालकर मिलाएं और दूसरा आप उसमें वेजिटेबल या चिकन ब्रॉथ मिलाएं।
  • ग्रेवी में सुर्ख लाल रंग देने के लिए 1 चम्मच तेल गर्म करें और उसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं। इसे ग्रेवी में मिलाने से रंग भी खिलेगा।
  • ध्यान रखें कि आप इस ग्रेवी को बनाकर आगे के लिए भी स्टोर करके रख सकते हैं। इसे बनाकर एक एयर टाइट कंटेनर में रखकर 3-4 दिन तक स्टोर किया जा सकता है। बस इसे फ्रिज में रखना न भूलें।

हमें उम्मीद है कि शेफ की रेसिपी और हमारे बताए गए टिप्स आपके काम आएंगे और आप घर पर भी लजीज मखनी ग्रेवी बनाने में कामयाब रहेंगी। अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

Recommended Video

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP