फ्रिज की सफाई करना, इसमें खाना स्टोर करना तो हर किचन में होता है, लेकिन कई लोगों की ये समस्या होती है कि वो जैसे ही फ्रिज में खाना रखते हैं उसके बाद इसका स्वाद खराब हो जाता है। कई बार हम अनजाने में फ्रिज में सामान रखते समय कोई ऐसी गलती कर बैठते हैं जिससे ये समझ नहीं आता कि आखिर खाने का स्वाद क्यों बदल गया है। दूध आदि अगर फ्रिज में रखा हो तो उसमें महक आने लगती है।
यहां तक कि अगर आपने कोई गलत चीज़ फ्रिज में स्टोर कर दी है तो उसके कारण पानी में भी अलग स्वाद आने लगता है। ऐसे में क्या किया जाए जिससे हमारे खाने की स्टोरेज ठीक से हो और साथ ही साथ खाना ज्यादा देर तक चल भी जाए। तो चलिए आपको कुछ गलतियों के बारे में बताते हैं जिससे खाने का स्वाद फ्रिज में जल्दी खराब होता है।
खाने का स्वाद बिगड़ने का सबसे बड़ा कारण ही यही है कि आप उसे बिना ढके रख देते हैं। ये तरीका गलत है और इसे बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। ऐसे में दो चीज़ें होती हैं पहली ये कि खाने के ऊपर एक लेयर बन जाती है जो सख्त होती है और ये ज्यादा ठंडक होने के कारण बनती है। दूसरी ये कि खाने का स्वाद इतने कम तापमान में ज्यादा देर तक रहने की वजह से बिगड़ जाता है। अगर ऐसा कुछ है जिसकी खुशबू तेज़ होती है तो फ्रिज में रखी बाकी चीज़ों पर भी इसका अच्छा खासा असर होगा।
इसे जरूर पढ़ें- घर के फ्रिज का इस तरह रखें ध्यान, नहीं आएगी कोई दिक्कत
ज्यादातर घरों में ये देखा गया है कि उनका फ्रिज खचाखच भरा हुआ होता है। ऐसा करना ही सबसे बड़ी गलती होती है। आप फ्रिज को भरेंगे तो खाने की खुशबू एक-दूसरे में आ जाएगी और ऐसा बार-बार होगा। यही कारण है कि फ्रिज में रखे सामान का स्वाद भी बार-बार खराब होता रहता है। आपको फ्रिज में इतनी जगह रखनी चाहिए कि हर चीज़ एक दूसरे से थोड़ी दूर रखी हो।(कुकिंग की गलतियां जिससे होता है स्वाद खराब)
सर्दियों के समय का साग हो या गर्मियों के समय की नॉर्मल सब्जी। अगर आप फ्रिज में ऐसी चीजें रखते हैं जो गीली हो यानी पानी की बूंदें उसमें मौजूद हों तो ये उसका स्वाद भी खराब करेगा और उन्हें जल्दी गलाएगा भी। बहुत कम तापमान होने के कारण पानी की बूंदें जमने लगती हैं और जिस भी सामान पर वो होती हैं उसे गलाने लगती हैं। इसलिए धनिया, पालक, सब्जियां आदि जल्दी गल जाती हैं या इनका स्वाद खराब होने लगता है।
इसी तरह अगर आप गीले बर्तन फ्रिज में रख देंगी तो उसके आस-पास रखी चीजों पर असर होगा। बर्तन धोने के बाद उसे पूरा पोंछकर ही फ्रिज में रखें।
जल्दी खराब होने वाला सामान जैसे अंडे, दूध, मीट आदि को फ्रिज के डोर में नहीं रखना चाहिए। ऐसा करने से ये सामान जल्दी खराब होता है और उसका स्वाद भी जल्दी बिगड़ता है। दरअसल, फ्रिज का डोर बार-बार खुलने से उसका तापमान जल्दी बदलता है। यही कारण है कि फ्रिज के डोर में पानी या ऐसी चीज़ें स्टोर करनी चाहिए जिनके खराब होने की गुंजाइश ज्यादा ना हो।(ये 6 गलतियां फ्रिज को करती हैं खराब)
खाना बहुत देर से फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। खाना ठंडा होने के 2 घंटे के अंदर ही इसे फ्रिज में रख देना चाहिए जिससे इसकी क्वालिटी में फर्क ना पड़े। कुछ लोग इसे लगातार कई घंटों तक बाहर छोड़ देते हैं और फिर फ्रिज में रखते हैं, ये सही नहीं होता है। इसी के साथ, फ्रिज में रखा हुआ पुराना सामान आगे की ओर रखें जिसे जल्दी इस्तेमाल किया जा सके। कुछ लोग फ्रिज में रखकर सामान भूल जाते हैं जिससे वो चीज़ तो खराब होती ही है और साथ में ही उसका असर बाकी खाने पर भी होता है।
इसे जरूर पढ़ें- अपनी सेहत के साथ फ्रिज की सेहत का यूं रखे ध्यान
तरबूज, खरबूज आदि फल अगर फ्रिज में खुले रख दिए जाएं तो ये फ्रिज में रखे पूरे खाने का स्वाद बदल सकता है और उसकी खुशबू पर भी असर पड़ता है। अगर देखा जाए तो ये गलती कई लोग करते हैं। आम, केला या कोई भी फल काटकर खुला हुआ नहीं रखना चाहिए।
उम्मीद है कि आगे आप ये सारे टिप्स फॉलो करेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।