तीन तरह से के स्टार्च से करें ग्रेवी गाढ़ी, स्वाद में नहीं आएगी कमी

ग्रेवी को गाढ़ा करने के कई तरीके हम आपको पहले भी बता चुके हैं। क्या आपको पता है कि स्टार्च की मदद से भी ग्रेवी को गाढ़ा किया जा सकता है? चलिए कॉर्नस्टार्च के अलावा भी आपको ऐसे तीन अन्य ऑप्शन बताएं। 

 
types of starch to thicken gravy

ग्रेवी अच्छी तभी बनेगी जब वह गाढ़ी होगी। हालांकि, कई बार ऐसा होता है कि पानी ज्यादा हो जाता है। मसाला ठीक से नहीं बनता या फिर जल्दबाजी में आप अन्य कोई गड़बडी कर दें, तो भी उसका स्वाद खराब हो सकता है। कई बार ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए अन्य सामग्री मिलाई जाती है। कुछ लोग थिकनिंग एजेंट का इस्तेमाल करते हैं।

कई लोग ग्रेवी में आटा भी डालते हैं। आलू, टमाटर की प्यूरी, काजू का पेस्ट या खसखस वगैरह ऐसी आम चीजें हैं जो स्वाद के साथ छेड़छाड़ किए बिना ग्रेवी को गाढ़ा कर देती हैं। अब इसके अलावा लोगों की आम पसंद कॉर्न स्टार्च होता है।

मक्के का आटा या स्टार्च बाइडिंग एजेंट की तरह काम करता है। हालांकि, इसके अलावा भी ऐसे कई स्टार्च होते हैं, तो आपकी सब्जी को अच्छा और लजीज बना सकते हैं। आज हम उन स्टार्च के बारे में बताएंगे, जो बिना आर्टिफिशियल स्वाद दिए ग्रेवी को गाढ़ा करेंगे।

राइस स्टार्च से करें ग्रेवी गाढ़ी

rice starch to add in gravy

चावल का स्टार्च, चावल से मिलता है। दरअसल, चावल को महीन पीस लिया जाता है। इसके बाद ग्लूटेन-फ्री राइस स्टार्च को थिकनिंग एजेंट की तरह उपयोग किया जाता है। यह ग्रेवी में बिना कोई अन्य सामग्री शामिल किए बिना उसे ग्लॉसी टेक्सचर देता है। इतना ही नहीं, इसका अपना कोई स्वाद नहीं होता है, इसलिए यह खाने को खराब नहीं करेगा। आटे में ग्लूटेन होता है, जिसे पचाने में मुश्किल हो सकती है। वहीं, चावल ग्लूटेन-फ्री होता है और एक सुरक्षित विकल्प है।

ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए चावल के स्टार्च का उपयोग कैसे करें:

  • घोल बनाने के लिए चावल का महीन पिसा हुआ आटा लें और उसे थोड़ी मात्रा में ठंडे पानी के साथ मिला लें। इसमें किसी तरह की गांठ न बनने दें।
  • जब घोल तैयार हो जाए, तो रसेदार सब्जी में इसे धीरे-धीरे डालें। गांठ बनने से रोकने के लिए इसे लगातार चम्मच की मदद से हिलाते रहें।
  • ग्रेवी को कुछ देर धीमी आंच पर ही रखें। ऐसे में चावल का स्टार्च अच्छी तरह से सेट होकर ग्रेवी को गाढ़ा करेगा।

पोटेटो स्टार्च से करें ग्रेवी गाढ़ी

add potato starch to thicken gravy

आलू में भी स्टार्च होता है और इसका स्टार्च भी खाने में कई तरह से उपयोग में लाया जाता है। आप इससे भी ग्रेवी को गाढ़ा कर सकते हैं। राइस स्टार्च की तरह यह भी ग्लूटेन-फ्री होता है। इसका सिल्की स्मूथ टेक्सचर खाने में चमक देता है। यह भी ग्रेवी में किसी तरह का स्वाद नहीं जोड़ता और उसकी ऑथेंटिसिटी को बरकरार रखता है। इसकी स्थिरता अच्छी होती है, इसलिए आप ग्रेवी को फ्रीज करके या स्टोर करके भी रख सकते हैं। इसे रिहीट करने पर भी इसका गाढ़ापन अच्छा रहता है।

ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए पोटेटो स्टार्च का उपयोग कैसे करें:

  • इसके लिए पहले स्टार्च तैयार करें। उसके लिए आलू के स्टार्च को ठंडे पानी मिलाएं। आप आलू को पारबॉयल करके उसके पानी को छानकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • इसे भी सूप में धीरे-धीरे डालना होता है। ग्रेवी में इसे मिलाते हुए, करछी चलाते रहना जरूरी है। इससे किसी भी तरह की गांठें नहीं बनती।
  • धीमी आंच पर रखकर जब ग्रेवी गाढ़ी होने लग जाए, तो आंच को बंद करके डिश का मजा लिया जा सकता है।

मूंग के स्टार्च से करें ग्रेवी गाढ़ी

moong dal in diet

मूंग दाल के स्टार्च के बारे में आपने सुना है? यह ग्रेवी को गाढ़ा करने का एक अन्य सरल और पौष्टिक तरीका है। यह स्टार्च मूंग की फलियों से मिलता होता है। फलियों से निकाला गया यह महीन सफेद पाउडर गाढ़ापन देने के लिए जाना जाता है। उपरोक्त सामग्रियों की तरह यह भी ग्लूटेन फ्री होता है। स्वाद के साथ हेल्थ का पूरा डोज चाहिए, तो आप इसका उपयोग कर सकते हैं।

ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए मूंग स्टार्च का उपयोग कैसे करें:

  • आप मूंग की दाल को उबालकर और उसके पानी को कुछ देर पकाकर गाढ़ा घोल बना सकते हैं। इसे भी दाल या सब्जी में डाला जा सकता है। वहीं, बाजार से मूंग स्टार्च खरीद सकते हैं। उसे ठंडे पानी में घोल लें।
  • जब आप ग्रेवी में पानी डाल रहे हों, तब आप इस स्टार्च को मिला सकते हैं। इसके अलावा, इसे डिश तैयार करने के बाद आखिर में डालकर भी कुछ देर गर्म किया जा सकता है।
  • ग्रेवी को धीमी आंच पर पकने दें। बीच-बीच में उसे हिलाते रहें। मूंग का स्टार्च तेजी से गाढ़ा हो जाता है, इसलिए इस पर ध्यान रखें और अपनी आवश्यकतानुसार उसे बैलेंस करें।
  • ग्रेवी को चखें और पसंद के मुताबिक उसमें मसाले एडजस्ट करें। यदि ग्रेवी बहुत गाढ़ी हो तो थोड़ा पानी मिलाकर उसे ठीक कर सकते हैं।

ध्यान रखें कि हम ठंडे पानी में पहले स्टार्च मिलाकर घोल इसलिए बनाते हैं, ताकि उसे कढ़ाही या पैन में मिलाते वक्त उसकी गांठ न बने। कभी स्टार्च को सीधे तौर पर ग्रेवी पर न डालें वरना उसके डल्ले आपकी ग्रेवी को खराब कर सकते हैं।

आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें

हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik
HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP