सड़क पर जब कोई महिला ड्राइव करती है, तो लोग अक्सर नाक-मुंह सिकोड़कर उसे देखते हैं। यहां तक,'महिलाएं खराब ड्राइवर होती हैं' इसका मजाक आज तक उड़ाया जाता है। हम 21वीं सदी में जरूर जी रहे हैं, लेकिन सोच अभी भी पिछड़ी ही है। बाइकिंग, जिसे कभी पुरुषों का क्षेत्र माना जाता था, अब कई भारतीय महिलाओं द्वारा इस स्टीरियोटाइप को तोड़ा जा रहा है।
भारतीय महिला बाइकर्स अलग-अलग बैकग्राउंड से आती हैं, लेकिन बाइकिंग के लिए उनका प्यार एक जैसा है। वे शानदार बाइक चलाती हैं और हवा से बातें करती हैं। आज हम इस आर्टिकल में आपको भारत की 8 ऐसी महिला बाइकर्स के बारे में बताने वाले हैं, जिनके बाइकिंग के प्रति जुनून ने सभी सामाजिक बेड़ियों को तोड़कर खुद को चमकने का मौका दिया।
1. डॉक्टर नेहारिका यादव
डॉक्टर नेहारिका यादव पेशे से एक डेंटिस्ट हैं और शौक से एक सुपरबाइक रेसर हैं, जिन्हें भारत की सबसे तेज महिला सुपरबाइकर्स में से एक माना जाता है। यह खिताब उन्हें 2015 में केटीएम ओपन ट्रैक पर 97 पुरुष बाइकर्स के बीच 20वां स्थान हासिल करने पर मिला है। हरियाणा के गुड़गांव में जन्मी नेहारिका अपनी डेंटल प्रैक्टिस को हाई-स्पीड रेसिंग के अपने जुनून के साथ अच्छे से बैलेंस करना जानती हैं। वीकेंड में, वह अपनी डुकाटी पैनिगेल 899 पर बैठकर बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर बाइक राइडिंग करती हैं।
2. उर्वशी पटोले
उर्वशी पटोले ने साल 2011 में फिरौदस शेख के साथ मिलकर भारत के पहले और सबसे बड़े ऑल-फीमेल मोटरसाइकिल क्लब ‘द बाइकरनी’ की स्थापना की थी। डिजिटल मार्केटिंग प्रोफेशनल उर्वशी ने 14 साल की उम्र में ही मोटरसाइकिल चलानी शुरू कर दी थी और वह स्टंटिंग एक्टिविटी भी करती थीं। 17 साल की उम्र में उनकी कलाई में चोट लगने के बाद, उन्होंने स्टंटिंग करना छोड़ दिया और वह एडवेंचर राइडिंग की तरफ मुड़ गईं।
3. आयशा अमीन
उत्तर प्रदेश के लखनऊ शहर से बाइक राइडर आयशा अमीन हैं, जिन्हें बुर्का राइडर के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने हिजाब पहनकर Royal Enfield Classic 350 को चलाते हुए महिलाओं और मोटरसाइकिल चलाने के बारे में प्रचलित रूढ़ियों को चुनौती दी। 2015 में आयशा ने लखनऊ में महिला बाइकर्स मैराथन में हिजाब पहनकर भाग लिया था। बाइकिंग से परे, आयशा पेशे से एक डिजिटल मार्केटिंग एक्सपर्ट और मोटिवेशनल स्पीकर हैं।
इसे भी पढ़ें - अपनी बाइक या स्कूटी को रखना चाहते हैं बिल्कुल नया, तो इन 5 बातों का रखें ध्यान
4. ऐश्वर्या पिस्से
यह भारतीय महिला बाइकर बेंगलुरु से ताल्लुक रखती हैं और मोटरस्पोर्ट्स में विश्व खिताब जीतने वाली पहली भारतीय भी हैं। ऐश्वर्या ने केवल 18 साल की उम्र में ही MTV शो के लिए बाइक चलाना शुरू कर दिया था, जहां उन्होंने 243 दिनों में गुजरात से मेघालय तक बाइकिंग की थी। 21 साल की उम्र में पिस्से ने TVS वन-मेकर रेस चैंपियनशिप में डेब्यू किया और स्पेन में FIM बजाज विश्व कप जीतकर मोटरस्पोर्ट्स में विश्व खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं।
5. शिरीन शेख
पुणे की शिरीन शेख सिंगल मदर हैं, लेकिन उन्होंने अपने जुनून को पूरा किया। उन्होंने 14 साल की उम्र में यामाहा आरएक्स 100 चलाना शुरू कर दिया था और आज वह रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड 350CC चलाती हैं। शिरीन एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करती हैं और कई बाइकिंग इवेंट में भी भाग लेती रहती हैं। उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए, एक मां और प्रोफेशनल के रूप में अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए, बाइकिंग के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाते हुए कई लोगों को प्रेरित किया है।
6. रोशनी मिस्बाह
रोशनी पेशे से एक ऑटोमोबाइल उद्यमी हैं और वह द बाइकर्स वर्ल्ड इंडिया से जुड़ी हुई हैं। हिजाब पहनकर Kawasaki Ninja H2 चलाने वाली महिला बाइकर ने अपने बाइक चलाने के जुनून को अपनी संस्कृति और धार्मिक पहचान के साथ सहजता से मिलाने का काम किया है। रोशनी ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पढ़ाई की है।
7. रोशनी शर्मा
रोशनी शर्मा पहली भारतीय महिला हैं, जिन्होंने अकेले बाइक से कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा की है। 16 साल की उम्र से रोशनी ने बाइकिंग करना शुरू कर दिया था। उन्होंने 26 की उम्र में 11 राज्यों, कठिन सड़कों और माउंट रेंजेस को कवर करते हुए कन्याकुमार से कश्मीर तक अकेले राइड करने का फैसला किया था।
इसे भी पढ़ें - बाइक खरीदने से पहले लगवाएं ये एक्सेसरीज बन जाएगा आपका सफर आरामदायक
8. डॉक्टर सारिका मेहता
गुजरात के सूरत की रहने वाली डॉक्टर सारिका मेहता पेशे से साइकोलॉजिस्ट हैं और जुनून से एक बाइक राइडर हैं। उन्होंने ‘बाइकिंग क्वीन्स’ की स्थापना की है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है। डॉक्टर मेहता ने एक सामाजिक अभियान के लिए 2 महाद्वीपों में 21 देशों और 21,000 किमी की यात्रा करने वाली पहली बाइकर का सम्मान पाया है।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit - Social Media, Instagram
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों