गर्मियों के साथ ही आम का मौसम भी आ जाता है। इस स्वादिष्ट और पौष्टिक फल को बड़े ही नहीं बच्चे भी बेहद चाव से खाते हैं। आम पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन-सी, ए और के साथ फाइबर, आयरन, सोडियम, कैल्शियम, पोटैशियम आदि भरपूर मात्रा में होते हैं।
आम को पानी में भिगोकर खाएंगे तो मिलेंगे भरपूर फायदे
गर्मियों में आम न केवल स्वादिष्ट लगता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बहुत अच्छा होता है। लेकिन आम खाने के सही नियम को जानना बेहद जरूरी होता है।
आम खाने से शरीर की इम्यूनिटी बढ़ती है, डाइजेस्टिव सिस्टम और आंतों के स्वास्थ्य में सुधार होता है। इसके अलावा, आम आंखों, बालों और त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है। लेकिन आम खाने के कुछ नियम होते हैं। आम को खाने से पहले भिगोना सबसे अहम नियम है। आम को खाने से पहले कुछ घंटों के लिए पानी में क्यों भिगोना चाहिए? चलिए विस्तार से जानते हैं। इसकी जानकारी आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉक्टर दीक्षा भावसार ने शेयर की है।
एक्सपर्ट का कहना है, ''आम का मौसम आ गया है और भारतीय आम और आमरस को बेहद पसंद करते हैं। लेकिन मीठे आमों का मजा लेने से पहले आपको एक बात का जरूर ध्यान रखना चाहिए। वह यह है कि आम को खाने से पहले 1-2 घंटे के लिए भिगोना जरूरी होता है। अगर आप जल्दी में हैं, तो इसे 25-30 मिनट के लिए भिगोकर रखना भी अच्छा रहता है।''
View this post on Instagram
आम को भिगोना क्यों जरूरी है?
आम को भिगोने से उनमें मौजूद एक्स्ट्रा फाइटिक एसिड निकल जाता है। इससे पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण में मदद मिलती है।
फाइटिक एसिड एक पोषक तत्व है, जो शरीर को कुछ मिनरल्स जैसे आयरन, जिंक, कैल्शियम और अन्य मिनरल्स को अवशोषित करने से रोकता है, जिससे मिनरल्स की कमी हो जाती है। इसके अलावा, फाइटिक एसिड शरीर में गर्मी पैदा करता है, लेकिन कुछ घंटों के लिए आमों को पानी में भिगोने से इस समस्या से बचा जा सकता है।
इसे जरूर पढ़ें:इन गर्मियों में जरूर लीजिए रसीले आम का मजा, जो है न्यूट्रिशन से भरपूर
शरीर का तापमान रहता है कंट्रोल
आम में थर्मोजेनिक गुण मौजूद होते हैं, जो शरीर का तापमान बढ़ाते हैं। आम को पानी में भिगोने से इसे कम करने में मदद मिलती है, जिससे, त्वचा की समस्याओं जैसे मुंहासों और दानों के साथ ही सिरदर्द, कब्ज और आंत की अन्य समस्याओं को रोकने में मदद मिलती है।
आम की तासीर गर्म होने के कारण यह शरीर में गर्मी पैदा करता है। इसे ज्यादा खाने से तीनों दोषों जैसे वात, पित्त और कफ में से पित्त में असंतुलन पैदा हो सकता है। इससे पित्त प्रकृति के लोगों में तनाव, चेहरे पर दाने, चिड़चिड़ापन आदि लक्षण नजर आते हैं। इसलिए आम को खाने से पहले पानी में भिगोकर जरूर रखें।
दूर होते हैं सारे केमिकल्स
आम को पानी में भिगोकर रखने से सारे कीटनाशक और केमिकल्स निकल जाते हैं। इसके अलावा, आम पर जमा गंदगी, धूल-मिट्टी भी पूरी तरह से निकल जाती है। इससे कई रोगों से बचाव होता है।
चर्बी होती है कम
अगर आपको लगता है कि आम का मौसम शरीर की एक्स्ट्रा चर्बी को कम करने में बाधा उत्पन्न कर सकता है, तो आप गलत हैं! आम में फाइटोकेमिकल्स होते हैं, जो अधिक मात्रा में हानिकारक हो सकते हैं, लेकिन कम मात्रा में फायदेमंद होते हैं।
आम को पानी में भिगोने से फाइटोकेमिकल कंसंट्रेशन कम हो जाता है, जो शरीर में फैट सेल्स को तोड़ने में मदद करता है और प्राकृतिक फैट बस्टर के रूप में काम करता है।
अन्य फायदे
आम को पानी में डालने से इस बात की जानकारी मिल सकती है कि आम नेचुरल तरीके से पका है या नहीं। आमों को पानी की बाल्टी में डालें और देखें कि कौन से आम डूब रहे हैं और कौन से तैर रहे हैं। जो आम पानी में डूब जाएं, वह नेचुरल तरीके से पके होते हैं। दूसरी ओर, ऊपर तैर रहे आमों का मतलब है कि उन्हें आर्टिफिशियल तरीके से पकाया गया है।
आम खाने के अन्य नियम
- आम का मजा लेने का सबसे अच्छा तरीका फल के रूप में है, लेकिन ज्यादातर लोग आमरस पसंद करते हैं। हालांकि, आयुर्वेद दूध और खट्टे आम को एक साथ खाने की अनुमति नहीं देता है।
- आयुर्वेद दूध और खट्टे फलों का अलग-अलग खाने की सलाह देता है, क्योंकि इनका कॉम्बिनेशन (विरुद्ध-आहार) सही नहीं है।
- दूध को सिर्फ मीठे और पके हुए आम के साथ ही मिलाना चाहिए।
- दूध के साथ पका और मीठा आम वात और पित्त को शांत करता है। यह स्वादिष्ट और पौष्टिक और प्रकृति में मीठा और ठंडा होता है।
अगर आप भी गर्मियों में आम का स्वाद और पोषक तत्व पाना चाहते हैं, तो आम को पानी में भिगोकर खाएं। आपको भी किसी फल से जुड़ी जानकारी चाहिए, तो हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Recommended Video
Image Credit: Freepik