बच्चों से लेकर बड़ों तक आजकल हर कोई जंक फूड का दिवाना है। बर्गर, पिज्जा, पास्ता और चाउमीन आदि को देखते ही मुंह में पानी आने लगता है। हालांकि, बाजार में मौजूद तरह-तरह के जंक फूड से मन और पेट दोनों भर जाते हैं लेकिन क्या आप जानती हैं कि यह आपकी सेहत के लिए कितने नुकसानदायक होते हैं। यह पेट के साथ-साथ आपके हार्ट और किडनी के लिए भी अच्छा नहीं है। जंक फूड में चीनी, कार्बोहाइड्रेट, सोडियम, फैट और कई तरह के ऐसे तत्व मौजूद होते हैं जिससे न केवल आपका वजन तेजी से बढ़ता है बल्कि इससे आपको कई तरह की बीमारियां भी घेर सकती हैं। आयुर्वेद में तो जंक फूड को जहर के समान माना जाता है। आज नेशनल जंक फूड डे है और इस दिन को लोग जंक फ़ूड खाकर मनाते हैं लेकिन यह हमारी हेल्थ के लिए कितना खतरनाक है? शायद वह इस बात से अनजान हैं। आइए आज इस खास दिन के मौके पर जंक फूड खाने से हेल्थ को होने वाले नुकसानों के बारे में आयुर्वेदिक एक्सपर्ट वाजपेयी जी से जानते हैं।
आयुर्वेद के अनुसार वात, पित्त और कफ हमारे शरीर का आधार हैं, ये तीनों ही शरीर के साथ-साथ रोगों का भी मूल होते हैं। शरीर को स्वस्थ रखने में इन तीनों का बैलेंस होना बेहद जरूरी है और इस बैलेंस को बनाए रखने के लिए हमें हमेशा उचित आहार और विहार का सेवन करना चाहिए। इन तीनों का असंतुलन ही रोगों को जन्म देता है और जंक फूड खाने से इनका बैलेंस बिगड़ जाता है। इसलिए आयुर्वेद में जंक फूड को हेल्थ के लिए जहर के समान माना जाता है।
इसे जरूर पढ़ें: जंक फूड क्रेविंग को रोकने के आसान उपाय
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट वाजपेयी जी का कहना है कि ''जंक फूड हमारे शरीर से मेल नहीं खाता है। इसका परिणाम यह होता है कि यह पचता नहीं है और सबसे पहले शरीर में वायु विकार बढ़ता है। इसके बाद यह सड़ता है और वायु बढ़ जाने के बाद ही एसिडिटी बनने लगती है और जलन पैदा होती है। चिकनाई ज्यादा होने पर कफ की वृद्धि हो जाती है यानी यह जंक फूड वायु, कफ और पित्त तीनों दोषों को बढ़ता है। इसका संबंध हार्ट और हाई बीपी से भी है। यह कब्ज, गैस और एसिडिटी के साथ हमारी किडनी को भी नुकसान पहुंचाता है। लिहाजा जंक फूड किसी भी मामले में अच्छा नहीं है। लेकिन यह बनता है और लोग इसे खाना पसंद भी करते हैं तो ऐसे में हमें कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए जैसे इसकी मात्रा कम से कम लें। इसे सिर्फ स्वाद के लिए ही खाएं और दूसरे खाने को साथ में बिल्कुल न खाएं। ऐसा करने से यह आसानी से पच जाएगा और आगे परेशानी पैदा नहीं होगी। लेकिन अगर हम जंक फूड के साथ अपना खाना भी पेट भरकर खाते हैं तो इससे आपके शरीर को कई तरह से नुकसान हो सकते हैं।''
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट वाजपेयी जी का कहना है कि ''आज के समय में हर कोई जंक फूड का दीवाना होता जा रहा है। आजकल लोग पौष्टिक आहार को कम अहमियत देने लगे हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को जंक फूड खाने का बहाना चाहिए। जंक फूड से होने वाले नुकसान के बारे में सब अच्छे से जानते हैं, लेकिन बावजूद इसके इस चीज के सेवन में कमी नहीं आ रही है। कई अध्ययनों से पता चला है कि जंक फूड में मौजूद एक्स्ट्रा कैलोरी बच्चों में मोटापे, हार्ट डिजीज और डायबिटीज और अन्य बीमारियों में इजाफा करता है। अस्थमा और सांस लेने में तकलीफ सहित, यह कई प्रकार की सांस संबंधी समस्याओं के जोखिम को बढ़ाता है। विशेष रूप से बच्चों के लिए, सांस से जुड़ी समस्याओं का खतरा अधिक बढ़ जाता है। एक अध्ययन में यह भी पाया गया है कि जो बच्चे हफ्ते में कम से कम तीन बार फास्ट फूड खाते हैं उन्हें अस्थमा होने की अधिक संभावना होती है।''
इसे जरूर पढ़ें: जंक फूड '1 महीना' खाने से बॉडी में दिखते हैं ये 8 बदलाव
जंक फूड आपकी भूख को संतुष्ट कर सकता है, लेकिन इसके परिणाम सकारात्मक नहीं होते हैं। इसलिए इसे खाने से बचना चाहिए। इस तरह की और जानकारी पाने के लिए हरजिंदगी से जुड़ी रहें।
Image Credit: Freepik.com
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।