herzindagi
foods to increase hemoglobin

शरीर में कम हो रहा है खून तो खाएं ये चीजें, सिर्फ 2 हफ्तों में बढ़ेगा हीमोग्लोबिन

आज हम आपको कुछ ऐसे स्‍पेशल फूड्स के बारे में बता रहे हैं, जो हीमोग्लोबिन लेवल को बढ़ाने में मदद करते हैं। ये फूड्स न केवल आयरन और प्रोटीन से भरपूर हैं, बल्कि आपके इम्‍यून सिस्‍टम को भी मजबूत बनाते हैं। सही डाइट अपनाकर आप थकान और कमजोरी से निजात पा सकते हैं।
Editorial
Updated:- 2024-10-25, 19:18 IST

ज्‍यादातर भारतीय महिलाओं में हीमोग्‍लोबिन का लेवल कम पाया जाता है। हीमोग्लोबिन, ब्‍लड में ऑक्सीजन का परिवहन करने वाला एक जरूरी प्रोटीन है। यह रेड ब्‍लड सेल्‍स में पाया जाता है और शरीर के विभिन्न हिस्सों में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। इसके लेवल को बैलेंस रखना सेहत के लिए बेहद जरूरी है।

यदि शरीर में हीमोग्लोबिन कम होता है, तो इससे थकान, कमजोरी, चक्कर आना और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होने लगती हैं। इसके अलावा, कम हीमोग्लोबिन का असर इम्‍यून सिस्‍टम पर भी पडता है, जिससे विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए, सही डाइट लेना जरूरी होता है।

रोज कुछ स्‍पेशल फूड्स को डाइट में शामिल करके आप अपनी सेहत में सुधार कर सकते हैं। ये फूड्स प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होते हैं, जो काफी लाभदायक होते हैं। साथ ही, आयरन के अवशोषण में मदद करते हैं।

ये फूड्स न केवल आपके शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करते हैं, बल्कि हीमोग्लोबिन लेवल को भी बढ़ा सकते हैं और हेल्‍दी जीवन जीने में मदद करते हैं। इन फूड्स के बारे में हमें न्‍यूट्रिशनिस्‍ट और योगा टीचर बता रही हैं। एक्‍सपर्ट का कहना है, ''अपनी डाइट में इन फूड्स को शामिल करके आप हीमोग्लोबिन लेवल को 2 हफ्तों में बढ़ा सकते हैं।''

1. पालक

palak to increase hemoglobin

पालक एक पौष्टिक हरी पत्तेदार सब्जी है, जो न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इसमें कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर के कई कामों को सही तरीके से करने में मदद करते हैं। इसमें आयरन, फोलेट और विटामिन-सी जैसे न्‍यूट्रिएंट्स प्रचुर मात्रा में होते हैं।

आयरन हीमोग्लोबिन के निर्माण में मदद करता है, जबकि फोलेट, जिसे विटामिन-बी 9 भी कहा जाता है, नए ब्‍लड सेल्‍स के निर्माण के लिए जरूरी होता है। विटामिन-सी आयरन के अवशोषण में मदद करता है। इससे न केवल हीमोग्लोबिन का लेवल बढ़ता है, बल्कि शरीर का इम्‍यून सिस्‍टम भी मजबूत होता है। रोजाना 1 कप पालक खाने से हीमोग्लोबिन लेवल बढ़ता है।

इसे जरूर पढ़ें: इस 10 रुपये की चीज से तेजी से बढ़ सकता है आयरन लेवल, जरूर बनाएं डाइट का हिस्सा

2. उबली हुई दाल

दालें भारतीय खाने का एक प्रमुख हिस्सा हैं और प्रोटीन और आयरन का बेहतरीन स्रोत मानी जाती हैं। उबली हुई दाल का सेवन करने से शरीर को कई लाभ मिलते हैं। दालें शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन प्रदान करती हैं, जो मसल्‍स की वृद्धि और मरम्मत में मदद करती हैं। इसके अलावा, दालों में आयरन की अच्छी मात्रा होती है, जो हीमोग्लोबिन के निर्माण में सहायक होती है। नियमित रूप से 1 कप उबली हुई दाल खाने से शरीर में आयरन की कमी दूर होती है।

दालें फाइबर से भी भरपूर होती हैं, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। यह आपको लंबे समय तक तृप्त रखता है, जिससे आप ओवरईटिंग से बचते हैं। फाइबर के कारण ब्‍लड शुगर लेवल को भी कंट्रोल किया जा सकता है।

3. पोहा और नींबू का रस

poha to to increase hemoglobin

पोहा में कार्बोहाइड्रेट होते हैं और नींबू का जूस आयरन के अवशोषण को बढ़ाता है, जिससे शरीर में आयरन की मात्रा में सुधार होता है। हीमोग्लोबिन का लेवल बढ़ाने के लिए आपको रोजाना 1 कप पोहा और 2 चम्‍मच नींबू का जूस जरूर लेना चाहिए।

पोहा एक हल्का और आसानी से बनने वाला भोजन है, जो कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट तुरंत एनर्जी देता है। नींबू में विटामिन-सी प्रचुर मात्रा में होता है। यह एक शक्तिशाली एंटी-ऑक्सीडेंट है, जो शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाता है। जब आप आयरन युक्‍त फूडस के साथ नींबू का जूस लेते हैं, तब विटामिन-सी आयरन को आसानी से अवशोषित करने में मदद करता है।

नींबू का जूस डाइजेस्टिव स‍िस्‍टम को दुरुस्‍त रखता है। यह भोजन को पचाने में मदद करता है, जिससे पोषक तत्वों का अवशोषण भी बेहतर होता है। जब आपका पाचन सही होता है, तब शरीर को आवश्यक पोषक तत्व जैसे आयरन प्राप्त करना आसान हो जाता है।

4. बाजरे की रोटी

बाजरे की रोटी फाइबर का अच्छा स्रोत है, जो डाइजेशन को हेल्‍दी रखता है। यह रोटी शरीर को जरूरी एनर्जी प्रदान करती है। इसे खाने से आपको पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा मिलती है, जिससे शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है। रोजाना 1 बाजरे की रोटी खाने से आपके शरीर में आयरन का बैलेंस बना रहता है, जिससे आप हेल्‍दी और एक्टिव रहते हैं।

5. कच्चा आंवला

amla to to increase hemoglobin

आंवला एक सुपरफूड है, जिसमें विटामिन-सी प्रचुर मात्रा में होता है। यह विटामिन आयरन के अवशोषण में मदद करता है। रोजाना 2 कच्चे आंवले खाने से शरीर को आवश्यक पोषण मिलता है और हीमोग्लोबिन का लेवल बढ़ता है। साथ ही, आपकी त्वचा और इम्‍यून सिस्‍टम भी मजबूत होता है। इसके अलावा, आंवला शरीर में एंटी-ऑक्सीडेंट का काम करता है, जो सेल्स को फ्री रेडिकल्‍स से बचाता है और हेल्‍थ को बेहतर बनाता है।

6. खजूर

खजूर न केवल मीठा होता है, बल्कि यह आयरन और अन्य जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें फाइबर, पोटैशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो शरीर में एनर्जी लेवल को बढ़ाते हैं और हीमोग्लोबिन को सुधारने में मदद करते हैं। रोजाना 2 खजूर का सेवन आपको ताजगी और ऊर्जा से भर देता है।

इसे जरूर पढ़ें: शरीर में आयरन की कमी को दूर कर सकते हैं ये आयुर्वेदिक टिप्स, इस तरह आज

इन सभी फूड्स को रोज खाने से आप अपने हीमोग्लोबिन लेवल को सुरक्षित और प्रभावी तरीके से बढ़ा सकते हैं। यह न केवल आपके स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगा, बल्कि आपको एनर्जी भी प्रदान करेगा। सही डाइट के साथ-साथ हेल्‍दी लाइफस्‍टाइल अपनाकर आप अपनी सेहत को लंबे समय तक बनाए रख सकते हैं।

अगर आपको भी हेल्‍थ से जुड़ी समस्‍याओं के लिए जान‍कारी चाहिए, तो हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।

Image Credit: Shutterstock & Freepik

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।