नमी के कारण हर वक्त गीले रहते हैं किचन कैबिनेट्स, तो आजमाएं ये उपाय...लकड़ी फूलने का नहीं रहेगा डर

क्या आपकी किचन कैबिनेट्स भी गीली नजर आ रही हैं? ऐसा नमी के कारण हो सकता है। नमी के कारण कैबिनेट्स की लकड़ी फूल सकती है। आइए आपको बताएं कि आप इसे कैसे ड्राई कर सकती हैं।
image

क्या आपने कभी गौर किया है कि आपके किचन कैबिनेट्स में नमी की समस्या एक बड़ी परेशानी बन सकती है? बारिश में जब हवा में नमी हर वक्त रहती है, तो किचन कैबिनेट्स के अंदर सीलन और चिपचिपापन महसूस होने लगता है। इसे नजरअंदाज करना आपको भारी पड़ सकता है।

अगर आप इसे ऐसे ही नम रहने देंगी, तो कैबिनेट्स की लकड़ी फूलने लगती है, जिससे कैबिनेट का रंग खराब हो जाता है, उसकी मजबूती कम हो जाती है। इतनी ही नहीं, इससे फंगस लग सकती है और दीमक जो लकड़ी की दुश्मन है, वो भी लग सकती है।

नमी के कारण मसाले और दालें भी खराब हो सकती हैं। कंटेनर्स में जंग लग सकता है। एक छोटी-सी परेशानी आपके लिए सिरदर्द बन सकती हैं। जरूरी है कि आपको पता हो कि इस समस्या का क्या समाधान है। आइए इस लेख में हम आपको बताएं कि इस समस्या से आप कैसे निजात पा सकती हैं।

लकड़ी की नमी सुखाने का तरीका-

how to dry out kitchen cabinets

  • सबसे पहले, कैबिनेट के अंदर रखा सारा सामान बाहर निकाल दें। यदि कोई चीज नम या खराब हो गई है, तो उसे फेंक दें।
  • एक साफ, सूखे और मुलायम कपड़े से कैबिनेट की अंदरूनी और बाहरी हिस्सों को अच्छी तरह पोंछें। जितनी हो सके उतनी नमी सोख लें।
  • कैबिनेट्स के दरवाजे और ड्रॉअर पूरी तरह से खोल दें। इससे हवा अंदर-बाहर आ जा सकेगी और नमी सूखने में मदद मिलेगी।
  • अगर आपके पास टेबल फैन है, तो उसे कैबिनेट्स की ओर करके चलाएं ताकि हवा सर्कुलेट हो और नमी कम हो सके।
  • हल्के गीले या नमी वाले हिस्से पर आप हेयर ड्रायर का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसे कैबिनेट से थोड़ी दूरी पर रखें और लगातार हिलाते रहें ताकि लकड़ी एक जगह से ज्यादा गरम न हो।

नमी सोखने वाली चीजों को कैबिनेट में रखें-

सिलिका जेल पैकेट आएगा काम

इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ आने वाले सिलिका जेल पैकेट्स को फेंकें नहीं, बल्कि उन्हें अपने कैबिनेट्स के कोनों में रख दें। सिलिका जेल नमी को सोखने के लिए जाने जाते हैं। इन्हें मसाले के संपर्क से दूर रखें।

कपूर या नेफथलीन की गोलियां आएंगी काम

wet cabinet cleaning

नमी के कारण कैबिनेट्स में बदबू आ जाती है। कपूर की गोलियां नमी को कम करने और कीटाणुओं को दूर रखने में भी मदद करती हैं। कपूर की पोटली बनाकर कैबिनेट्स में रखना एक प्रभावी उपाय है।

इसे भी पढ़ें: घर पर बने इस एक क्लीनर की मदद से साफ करें चिपचिपी किचन कैबिनेट्स

एक्टिवेटेड चारकोल का इस्तेमाल

क्या आपको पता है कि एक्टिवेटेड चारकोल आपके कितने काम आ सकता है? इसके छोटे टुकड़े या पाउडर को मलमल के कपड़े में बांधकर कैबिनेट्स में रखने से भी नमी और बदबू दोनों दूर होती हैं। हर दो महीने में इन्हें बदलते रहें।

इसके अलावा, पानी के रिसाव की जांच करें। कभी-कभी कैबिनेट्स में नमी का कारण उनके आसपास के पाइप में रिसाव या दीवारों से आने वाली सीलन हो सकती है।

कैबिनेट्स को बहुत ज्यादा सामान से न भरें। इससे उसकी हवा बाहर नहीं निकलेगी और अंदग की नमी अंदर ही रह जाएगी।

इन उपायों को अपनाकर आप अपने किचन कैबिनेट्स को नमी और फूलने से बचा सकती हैं। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP