हर लड़की चाहती है कि वह अपनी शादी के दिन सबसे सुंदर दुल्हन दिखे। ऐसी की हर किसी की निगाह उसके चेहरे पर टिक जाए। इसके लिए वह शादी से काफी दिनों पहले से ही तैयारियां शुरू कर देती है। शादियों का मौसम चल रहा है और अगर इस बार आपकी भी शादी है तो जाहिर सी बात है कि आपको भी यह चिंता सता रही होगी कि आप अपने स्पेशल दिन में सबसे सुंदर कैसे दिखें। यूं तो बहुत सारे ऐसे ब्यूटी पैकेजेज हैं जो शादी से पहले होने वाली दुल्हन लेती हैं। लेकिन महंगे होने के कारण एक तो हर कोई इसे नहीं ले पाता है और दूसरा इसका असर आपकी त्वचा पर अस्थाई रूप से ही रहता है।
लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं क्योंकि आज हम आपको कुछ उबटन के बारे में बता रहे हैं, जिनका इस्तेमाल शादी से 1 हफ्ता पहले करने से आपके स्पेशल दिन में आपकी त्वचा ग्लोइंग, बेदाग और गोरी दिखाई देगी। इन उबटन के बारे में हमें ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन जी बता रही हैं। तो देर किस बात की, आइए हमारे साथ इन उबटन को बनाने और लगाने के तरीके के बारे में जानें।
जी हां उबटन का प्रयोग सदियों से किया जा रहा है। इस आयुर्वेदिक मिश्रण का इस्तेमाल शादी-ब्याह में और भी ज्यादा बढ़ जाता है। अगर आप भी जल्द दुल्हन बनने वाली हैं और अपनी खूबसूरती को और निखारना चाहती हैं तो इस आर्टिकल में बताए उबटन आपके काफी काम आ सकते हैं। इन उबटन को लगाने से त्वचा की गहराई से सफाई होती है, चेहरे पर नेचुरल ग्लो आता है और स्किन से झाइयां, टैनिंग, दाग धब्बे और अनचाहे बाल साफ हो जाते हैं। शादी से एक हफ्ता पहले इस उबटन को लगाने से उस दिन चेहरा निखरा हुआ दिखाई देता है।
इसे जरूर पढ़ें:इन 5 उबटनों से ग्लोइंग त्वचा के साथ यंग लुक पाएं
शादी से एक हफ्ते पहले त्वचा के लिए पारंपरिक उबटन उपचार करना बहुत अच्छा रहता है। इसमें चोकर, बेसन, दही या दूध की मलाई और थोड़ी हल्दी शामिल करें। इन सभी को एक साथ मिलाकर नहाने से पहले शरीर पर लगाएं। लेकिन इसके लिए सबसे पहले, शरीर की तिल के तेल से मालिश करें। फिर "उबटन" लगाएं और आधे घंटे के बाद नहाते समय इसे धो दें। आप चाहे तो स्क्रबिंग करके भी इसे साफ कर सकती हैं क्योंकि इससे डेड स्किन सेल्स निकल जाते हैं और त्वचा को साफ़ करने में मदद मिलती है। कुछ दिन इसका रेगुलर इस्तेमाल करने से त्वचा पर निखार आने लगता है।
हफ्ते में दो बार इस आयुर्वेदिक उबटन को लगाएं। इसके लिए 2 चम्मच चोकर और बादाम, शहद और दही की 1-1 चम्मच लें। गुलाब जल मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स करके पेस्ट बना लें। ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न हो। होंठों और आंखों के आसपास के एरिया को छोड़कर इसे चेहरे पर लगाएं। आप इसे पूरी बॉडी पर भी लगा सकती हैं। 30 मिनट के बाद इसे पानी से धो लें।
यह उबटन नॉर्मल से ऑयली और कॉम्बिनेशन स्किन के लिए अच्छा होता है। इस उबटन को बनाने के लिए दही के साथ गेंदेे की पंखुड़ियों को मिलाकर पेस्ट बना लें। फिर इसमें एक चम्मच एलोवेरा जैल और चुटकी भर हल्दी मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट के बाद पानी से धो लें। हफ्ते में दो बार पैक लगाएं। यह त्वचा को पिंपल्स से मुक्त रखने में मदद करता है।
बेसन, दही और हल्दी को मिलाकर उबटन बनाएं। यह ऑयली स्किन के लिए बहुत ही अच्छा है। 3 चम्मच बेसन को आधा चम्मच हल्दी पाउडर के साथ मिलाएं। स्मूथ पेस्ट बनाने के लिए इसमें दही मिलाएं। होंठ और आंखों के आसपास के हिस्से को छोड़कर इसे चेहरे पर लगाएं। ड्राई होने के बाद इसे धो लें।
इसे जरूर पढ़ें:दादी मां के इस 'जादुई उबटन' से चेहरा सोने की तरह दमक जाएगा
अगर आपकी भी जल्द शादी होने वाली है तो शादी से 1 हफ्ता पहले इन उबटन को लगाने से आप शादी वाले दिन सबसे सुंदर दुल्हन दिखाई देंगी। इस तरह की और जानकारी पाने के लिए हरजिंदगी से जुड़ी रहें।
Image Credit: Freepik.com
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।