स्कैल्प पर ड्रैंडफ के पैच से हैं परेशान? दही के ये हैक्स आएंगे काम

अगर आपके सिर पर भी 12 महीने डैंड्रफ रहती है और स्कैल्प पर पैच भी बनते हैं, तो आप दही आजमा सकते हैं। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण स्कैल्प और बालों को कई लाभ पहुंचाते हैं।

How To Apply Curd On Hair for Dandruff

किसने कहा कि डैंड्रफ सिर्फ सर्दियों में होती है। कुछ लोग इस समस्या से 12 महीने परेशान रहते हैं। अत्याधिक ऑयली स्कैल्प के कारण यह समस्या हो सकती हैं। इसके लिए आमतौर पर ऐसा शैंपू लगाने की सलाह दी जाती है, तो सीबम के जरूरत से ज्यादा उत्पादन को कम करता है। रूसी होने के कारण स्कैल्प में पपड़ीदार पैच भी होने लगते हैं। स्कैल्प न धोने पर सिर पर बहुत ज्यादा खुजली हो सकती है। कई महिलाएं महंगे स्पा ट्रीटमेंट्स लेती हैं, मगर इससे सिर्फ बालों पर ही फर्क पड़ता है। रूसी की समस्या वैसे ही रहती है।

अगर आप भी पैच वाली डैंड्रफ से परेशान हैं, तो आप दही की मदद ले सकती हैं। जी हां, आप बिना महंगे उपचार के इस समस्या को काबू में कर सकती हैं। दही की तासीर ठंडी होती है और यह स्कैल्प को अच्छी तरह से साफ भी करती है। इस लेख के जरिए आपको बताते हैं कि दही डैंड्रफ की समस्या को कैसे कम कर सकती है और इसे आप कैसे लगा सकते हैं।

क्या दही डैंड्रफ के लिए सही है?

is curd good for dandruff treatment

दही लैक्टिक एसिड से भरपूर होता है, जो स्कैल्प को एक्सफोलिएट करने में मदद करता है। रूसी के कारण होने वाली मृत त्वचा कोशिकाओं और पपड़ी को दही हटाती है। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण जलन को शांत करते हैं और खुजली को कम करते हैं। इसके अतिरिक्त, दही में प्राकृतिक एंटीफंगल गुण होते हैं जो अक्सर रूसी के लिए जिम्मेदार मलसेजिया फंगस से लड़ सकते हैं।

इसके अलावा, दही एक प्राकृतिक कंडीशनर है। यह स्कैल्प और बालों को मॉइस्चराइज करती है, जिससे ड्राइनेस नहीं होती। दही में मौजूद प्रोटीन और पोषक तत्व बालों के रोम को मजबूत करते हैं, स्वस्थ बालों के विकास को बढ़ावा देते हैं और उनमें प्राकृतिक चमक लाते हैं।

इसे भी पढ़ें: Dandruff Treatment: बालों में होने वाले डैंड्रफ को दूर करते हैं ये 2 घरेलू उपाय, आप भी करें ट्राई

रूसी के लिए दही का उपयोग कैसे करें

1. दही और नींबू हेयर मास्क

नींबू का रस अपनी एसिडिटी के लिए जाना जाता है, जो स्कैल्प के pH को संतुलित करने और रूसी को कम करने में मदद कर सकता है। दही के साथ मिलाकर यह मास्क डैंड्रफ के उपचार और आपके बालों में चमक लाने में अत्यधिक प्रभावी हो सकता है।

आवश्यक सामग्री:

  • 1 कप दही
  • 2 बड़े चम्मच नींबू का रस

क्या करें:

  • एक कटोरी में दही और नींबू का रस मिलाएं।
  • इस मिश्रण को अपने स्कैल्प और बालों पर लगाकर 30 मिनट तक लगा रहने दें।
  • गुनगुने पानी और माइल्ड शैम्पू से बाल अच्छी तरह से धो लें।

2. दही और शहद हेयर मास्क

curd and honey hair mask

शहद आपके बालों में नमी बनाए रखने में मदद करता है। यह मास्क रूखे और परतदार स्कैल्प वालों के लिए बहुत बढ़िया है, क्योंकि यह डैंड्रफ से लड़ते हुए बालों को हाइड्रेट और कंडीशन करता है।

आवश्यक सामग्री:

  • 1 कप दही
  • 2 बड़े चम्मच शहद

क्या करें:

  • दही और शहद को मिलाकर पहले एक स्मूथ पेस्ट बना लें।
  • इस मिश्रण को अपने स्कैल्प और बालों पर समान रूप से लगाएं और 30-40 मिनट तक लगा रहने दें।
  • इसके बाद स्कैल्प को मसाज करते हुए माइल्ड शैंपू और पानी से बाल अच्छी तरह धो लें।

3. दही, मेथी और नीम हेयर मास्क

मेथी के बीज निकोटिनिक एसिड और प्रोटीन से भरपूर होते हैं, जो बालों को मजबूत बनाते हैं और बालों का झड़ना रोकते हैं। नीम में शक्तिशाली एंटीफंगल गुण होते हैं जो रूसी पैदा करने वाले फंगस को खत्म कर सकते हैं। दही के साथ यह मिश्रण रूसी के लिए एक शक्तिशाली नुस्खा बनता है जो शाइनी और स्वस्थ बालों के विकास को बढ़ावा देता है।

आवश्यक सामग्री:

  • 1 कप दही
  • 2 बड़े चम्मच मेथी के बीज
  • 2 बड़े चम्मच नीम पाउडर या पेस्ट

क्या करें:

  • मेथी दाने को रात भर भिगो लें और फिर सुबह उसका स्मूथ पेस्ट बना लें। वहीं, नीम के पत्तों को पीसकर पेस्ट बनाएं या उसका पाउडर लें।
  • अब दही, मेथी का पेस्ट और नीम पाउडर को मिलाकर एक समान पेस्ट बना लें।
  • इस मिश्रण को अपने स्कैल्प और बालों पर अच्छी तरह लगाएं और 45-50 मिनट के लिए छोड़ दें।
  • गुनगुने पानी और माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें।

4. दही और एलोवेरा हेयर मास्क

curd and aloe vera hair mask

एलोवेरा अपने मॉइस्चराइजिंग गुणों के लिए जाना जाता है, जो इसे रूसी के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाता है। यह मास्क स्कैल्प की जलन को कम करने में मदद करता है और बालों को प्राकृतिक चमक प्रदान करता है।

आवश्यक सामग्री:

  • 1 कप दही
  • 2 बड़े चम्मच एलोवेरा जेल

क्या करें:

  • दही और एलोवेरा जेल को स्मूथ फेंट लें और इसे अपने स्कैल्प और बालों पर अच्छे से लगाएं।
  • इस मास्क को 30 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद, माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।

डैंड्रफ के लिए दही के ये नुस्खे प्राकृतिक और प्रभावी हैं। मैं भी अलग-अलग हफ्ते ये नुस्खे आजमाती हूं और डैंड्रफ की समस्या को काफी कम भी कर चुकी हूं। रूसी कम करने के साथ बालों में चमक लाने के लिए ये मास्क आप भी आजमाएं।

हमें उम्मीद है कि दही के ये नुस्खे आपके काम भी आएंगे और आप भी पा सकेंगी खूबसूरत बाल। अगर यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक करें। ब्यूटी और हेयर केयर संबंधी लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP