
Leo Monthly Horoscope अप्रैल 2026 का महीना सिंह राशि की महिलाओं के लिए बंद किस्मत के दरवाजे खोलने और कामकाज में खूब नाम कमाने का शानदार मौका लेकर आ रहा है। 2 और 11 अप्रैल के आस-पास आपको अपने ससुराल वालों या घर के किसी पुराने काम की वजह से थोड़ी भागदौड़ करनी पड़ सकती है और खर्चे भी हो सकते हैं। लेकिन 14 अप्रैल को जैसे ही बड़ा बदलाव होगा आपको हर काम में किस्मत का पूरा साथ मिलेगा। इसके बाद 19 अप्रैल को होने वाला बदलाव आपके ऑफिस और कामकाज की जगह पर आपकी खूब तारीफ करवाएगा और आपके चेहरे पर एक नई चमक लाएगा। छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश के प्रसिद्द ज्योतिषाचार्य पंडित सौरभ त्रिपाठी जी विस्तार से बता रहे हैं कि अप्रैल का यह शानदार महीना सिंह राशि की महिलाओं के लिए कैसा रहने वाला है।
प्रेम की दृष्टि से इन राशि की महिलाओं को महीने के शुरूआती दिनों में अपने ससुराल पक्ष और पति के साथ बातचीत में थोड़ा तालमेल बिठाकर चलना होगा। बिना बात के बहस करने से बचें और घर की शांति बनाए रखें। 14 अप्रैल के बाद आपके जीवन में एकदम से खुशियों की लहर दौड़ेगी। किस्मत का साथ मिलने से आपके और पति के बीच का रिश्ता बहुत ही प्यारा और मजबूत हो जाएगा। आप अपने पूरे परिवार या पति के साथ किसी बहुत अच्छी जगह या किसी बड़े मंदिर के दर्शन करने की लंबी योजना बना सकती हैं।
घर के बड़े-बुजुर्गों का खूब प्यार और आशीर्वाद मिलेगा जिससे मन बहुत खुश रहेगा। 19 अप्रैल के बाद आपका ध्यान अपने घर को और भी ज्यादा सुंदर बनाने पर रहेगा। आप अपने पति के साथ मिलकर घर के लिए कुछ सजावट का सामान भी खरीद सकती हैं। जो लड़किया सिंगल हैं और अपने लिए एक अच्छे जीवनसाथी की तलाश कर रही हैं, उन्हें महीने के दूसरे हिस्से में अपने पिता या घर के बड़ों की मदद से कोई बहुत ही अच्छा, संस्कारी और सुलझा हुआ रिश्ता मिल सकता है।
उपाय: रविवार के दिन सुबह नहाने के बाद तांबे के लोटे से सूर्य भगवान को सादा जल चढ़ाएं और जल में थोड़ा सा लाल कुमकुम या रोली मिला लें।
इसे भी पढ़ें- अगर आपकी राशि है सिंह, तो शादी के कार्ड में करें इन रंगों का चुनाव

करियर की दृष्टि से इन राशि की महिलाओं को 14 अप्रैल के बाद किस्मत का इतना साथ मिलेगा कि आपके सारे रुके हुए काम अपने आप बनने लगेंगे। महीने की शुरुआत में ऑफिस में कुछ लोग आपकी बुराई कर सकते हैं या काम में रुकावट डालने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए अपना पूरा ध्यान सिर्फ अपने काम पर रखें और फालतू बातों से दूर रहें। लेकिन 14 तारीख के बाद ऑफिस का पूरा माहौल आपके पक्ष में हो जाएगा। आप जो भी काम हाथ में लेंगी, उसमें बहुत बड़ी सफलता मिलेगी। आपके बॉस आपकी समझदारी और काम करने के तरीके से इतने खुश होंगे कि आपको कोई बड़ा इनाम मिल सकता है।
19 अप्रैल के बाद जो महिलाएं अपना खुद का व्यापार करती हैं, जैसे ब्यूटी पार्लर, कपड़ों की दुकान, सिलाई या कोई ऑनलाइन काम, उनके पास अचानक से बहुत अच्छे और नए ग्राहक आने लगेंगे। आपके काम की तारीफ दूर-दूर तक फैलेगी। लोग आपके काम करने के तरीके से बहुत प्रभावित होंगे और हर जगह आपके नाम का डंका बजेगा। जो लड़कियां सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही हैं, उनके लिए भी यह समय कोई बड़ी खुशखबरी लेकर आ सकता है।
उपाय: जब भी आप किसी बहुत जरूरी काम लिए घर से निकलें, तो अपने पिता या घर के किसी बड़े बुजुर्ग के पैर छूकर उनका आशीर्वाद जरूर लें।
आर्थिक दृष्टि से इन राशि की महिलाओं को महीने के बीच में बहुत बड़ा धन लाभ हो सकता है। 2 और 11 अप्रैल के आस-पास अचानक से घर की किसी पुरानी चीज को ठीक करवाने, गाड़ी की मरम्मत या किसी छोटी-मोटी बीमारी पर थोड़े पैसे खर्च हो सकते हैं। इसलिए महीने की शुरुआत में थोड़ा हाथ खींचकर चलना ही समझदारी होगी। लेकिन 14 अप्रैल के बाद आपकी किस्मत के दरवाजे पूरी तरह से खुल जाएंगे और आपके पास पैसों की कोई कमी नहीं रहेगी। अगर आपका कोई पैसा काफी समय से कहीं अटका हुआ था या किसी ने उधार लिया था, तो वह अब बहुत ही आसानी से आपके पास वापस आ जाएगा। 19 अप्रैल के बाद आप अपनी आमदनी को बहुत अच्छे से बढ़ा लेंगी।
आप अपने शौक पूरे करने, अच्छे कपड़े खरीदने या घर के लिए कोई नया सामान लाने पर खुशी-खुशी खर्च करेंगी। पिता की तरफ से भी आपको कोई अच्छी आर्थिक मदद या कोई कीमती तोहफा मिल सकता है। कुल मिलाकर आप अपनी सूझबूझ से खूब सारा पैसा बचा भी लेंगी और अपने हर शौक को पूरा भी कर लेंगी।
उपाय: अपने घर के पूजा वाले स्थान पर या अलमारी में जहां आप पैसे रखती हैं, वहां एक छोटे से लाल रंग के सूती कपड़े में थोड़ा सा गुड़ और एक सिक्का बांधकर रख दें।
स्वास्थ्य के हिसाब से इन राशि की महिलाओं को महीने के शुरूआती दिनों में बाहर के खाने-पीने से थोड़ा परहेज करना होगा। बहुत ज्यादा तला-भुना या मसालेदार खाना खाने से पेट में गैस, अपच या हल्की-फुल्की परेशानी हो सकती है। 14 अप्रैल के बाद आपकी सेहत में एक सुधार देखने को मिलेगा। आपके अंदर एक नई ऊर्जा और फुर्ती आ जाएगी, जिससे आप दिनभर के काम बिना थके आसानी से हंसते-हंसते कर लेंगी। 19 अप्रैल के बाद आप खुद को और भी ज्यादा तरोताजा महसूस करेंगी। आपका चेहरा खुशी और अच्छी सेहत से चमक उठेगा। बस इस बात का ध्यान रखें कि काम के साथ-साथ अपनी नींद भी पूरी करें।
उपाय: रोज रात को सोने से पहले तांबे के बर्तन में पीने का सादा पानी भरकर रख दें और सुबह उठकर सबसे पहले खाली पेट उसी पानी को पिएं।
इसे भी पढ़ें- Singh Love Rashifal 2026: प्रेम और वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव या नई शुरुआत? जानें सिंह राशि का लव राशिफल
यह राशिफल आपकी चंद्र राशि पर आधारित है और यह चंद्रमा के नक्षत्र तथा राशि में होने वाले गोचर के सूक्ष्म विश्लेषण से तैयार किया गया है। यह जानकारी छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित सौरभ त्रिपाठी द्वारा वेरीफाई की गई है।
image credit- freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।