भगवान विष्णु के सातवें अवतार प्रभु श्रीराम का जन्म चैत्र माह की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को हुआ था। यही वजह है कि हिंदू पंचांग के मुताबिक, हर साल चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि पर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाता है, इसे रामनवमी के रूप में भी जाना जाता है। हिंदू धर्म में रामनवमी का पर्व अत्यंत पवित्र और शुभ माना गया है। इस दिन भक्त और श्रद्धालु भगवान राम की पूजा-अर्चना करते हैं और उनके लिए व्रत भी करते हैं।
हिंदू पंचाग के मुताबिक, इस साल रामनवमी का त्योहार 6 अप्रैल को मनाया जाएगा। लेकिन, क्या आप जानते हैं इस साल रामनवमी पर विशेष संयोग बन रहे हैं। ज्योतिषियों की मानें तो इस साल रामनवमी पर कई संयोग बन रहे हैं और इस दिन पूजा-पाठ, जप-तप और विशेष उपाय करने से आपके जीवन के कई संकट समाप्त हो सकते हैं। 2025 चैत्र माह की शुक्ल पक्ष की रामनवमी पर कौन-से शुभ संयोग बन रहे हैं और इसका धार्मिक महत्व क्या है इस बारे में हमें पंडित आचार्य उदित नारायण त्रिपाठी ने बताया है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र मास की नवमी तिथि 5 अप्रैल की शाम 7 बजकर 26 मिनट से शुरू हो रही है और 6 अप्रैल की शाम 7 बजकर 22 मिनट पर खत्म होगी। ऐसे में राम नवमी का त्योहार 6 अप्रैल यानी रविवार को मनाया जाएगा। पंडित जी के मुताबिक, राम नवमी पर कई शुभ संयोग बन रहे हैं। इस दिन रवि पुष्य योग, रवि योग और सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। यह योग पूरे दिन रहने वाला है ऐसे में अगर आप इस दिन कोई शुभ कार्य करते हैं तो यह आपका जीवन परिवर्तित कर सकता है।
इसे भी पढ़ें: भगवान राम के नाम पर क्यों पड़ा रामनवमी नाम, जानें इतिहास और महत्व
ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, इस रामनवमी पर ग्रहों की अनुकूलता बन रही है और ऐसे शुभ संयोग में भगवान श्रीराम की कृपा प्राप्त करने के लिए विशेष उपाय करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सफलता प्राप्त की जा सकती है। आइए, यहां पंडित जी से जानते हैं कि रामनवमी पर कौन-से विशेष उपाय करना लाभदायक साबित हो सकता है।
रामनवमी के दिन 'श्री राम जय राम जय जय राम' का जाप करने से मन और घर में शांति आ सकती है। इसके अलावा हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करने से भी बुरी शक्तियों और नकारात्मकता का प्रभाव कम हो सकता है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, रामनवमी पर जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और धन का दान करने से पुण्य की प्राप्ति हो सकती है और ग्रह दोष भी शांत हो सकता है।
राम नवमी के दिन घर के मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी मूर्तियां विधि-विधान से स्थापित करनी चाहिए। साथ ही उनकी विधि-विधान से पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है।
इसे भी पढ़ें: भगवान श्री राम के जन्मोत्सव से जुड़ी दिलचस्प बातें जानें
राम नवमी पर तुलसी की पूजा करने से बृहस्पति ग्रह मजबूत होता है। जिससे धन, ज्ञान और वैवाहिक जीवन में सुख की प्राप्ति होती है।
राम नवमी पर पीले वस्त्र धारण करें और फिर राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें। ऐसी मान्यता है कि राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करने से जीवन में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और कार्यों में सफलता मिल सकती है। इसे सूर्योदय के समय करने से शुभ फल मिल सकते हैं।
हमारी स्टोरी से रिलेटेड अगर कोई सवाल है, तो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।
अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Herzindagi.Com
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।