बदलते मौसम और तापमान के अनुसार ठंड और गर्मी का अहसास होना सामान्य है, पर हर मौसम में शरीर का एक सामान्य तापमान बने रहना खतरे का संकेत हो सकता है। जैसे कि कुछ लोगों को गर्मी या सामान्य दिनों में भी ठंडक का अहसास होता है और जरा सी ठंडक का सामना करने पर ऐसे लोग बीमार पड़ जाते हैं। बता दें कि असल में यह सेहत संबंधी एक गंभीर समस्या है, जिसे मेडिकल टर्म में Cold Intolerance के नाम से जानते हैं।
आमतौर पर देखा गया है कि इससे (Cold Intolerance in Summer) पीड़ित व्यक्ति को एसी और पंखे की हवा तक बर्दाश्त नहीं होती है और जरा सी ठंडक में इनकी तबीयत खराब हो जाती है। अगर आपको भी कुछ ऐसी समस्या पेश आती है तो हमारा यह आर्टिकल आपके बेहद काम आ सकता है। दरअसल, हमने इस बारे में लखनऊ के जनरल फिजिशियन डॉ. बृजेंद्र सिंह से बात की और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं।
डॉ. बृजेंद्र सिंह बताते हैं कि शरीर के असामान्य तापमान या ठंड के प्रति अतिसंवेदनशीलता महसूस होना अपने आप एक शारीरिक समस्या है, जिसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं। जैसे कि लाइफ स्टाइल में होने वाले बदलावों के चलते उत्पन्न हार्मोनल बदलाव के कारण भी ऐसा हो सकता है। इसके अलावा शरीर में आयरन और दूसरे पोषक तत्वों की कमी पड़ने पर शरीर की संवेदनशीलता बढ़ सकती है। चलिए इन सभी वजहों और उनके उपचार के बारे में जरा विस्तार से जानते हैं।
हाइपोथायराइड
थायराइड के चलते भी शरीर के तापमान में असामान्य बदलाव होता है, जिसके कारण व्यक्ति को अधिक ठंड महसूस हो सकती है। दरअसल, ऐसा हाइपो थायराइड की स्थिति में होता है, जब थायराइड ग्लैंड की सक्रियता कम हो जाती है और थायराइड हार्मोन का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पाता है। इसका नकारात्मक प्रभाव शरीर के मेटाबॉलिज्म और तापमान पर पड़ता है, जिसके कारण व्यक्ति को अधिक ठंड लगने के साथ ही थकान, मानसिक अवसाद और वजन बढ़ने की समस्या पेश आ सकती है।
हाइपो थायराइड में हृदय गति भी सामान्य से धीमी पड़ जाती है, जिसके चलते व्यक्ति को थकान और ठंड के प्रति संवेदनशीलता महसूस होती है। इसलिए अगर आपको असामान्य रूप से ठंड महसूस होती है तो थायराइड की जांच जरूर कराएं।
बात करें इसके उपचार की तो इसके लिए थायराइड हार्मोन की दवा (लेवोथायरोक्सिन) लेकर थायराइड हार्मोन का पूर्ति की जाती है। हर दिन दवा के सेवन के जरिए शरीर थायराइड हार्मोन की आवश्यक पूर्ति होती है, ताकि धीमी पड़ी शरीर की प्रक्रिया वापस सुचारू रूप से चल सके।
आयरन की कमी
शरीर में आयरन की कमी के कारण भी शरीर का तापमान सामान्य से कम पड़ सकता है। आयरन की कमी से शरीर में हीमोग्लोबिन का उत्पादन कम होता है, ऐसे में खून की कमी से शरीर में थकान और कमजोरी की समस्या बनी रहती है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति, सामान्य तापमान में भी ठंडक महसूस कर सकता है। बात करें इसके उपचार की तो इसके लिए आपको आहार में आयरन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने होंगे, ताकि आयरन और खून की कमी की पूर्ति हो सके।
गौरतलब है कि आयरन मांसाहारी और शाकाहारी दोनों ही तरह के खाद्य पदार्थों से मिलता है, हालांकि शाकाहार से मिलने वाला आयरन शरीर में आसानी से अवशोषित नहीं हो पाता है। इसलिए अगर आप शाकाहारी हैं तो आयरन की पूर्ति के लिए आपको सप्लीमेंट्स की आवश्यकता पड़ सकती है। बेहतर होगा कि इसके लिए डॉक्टर से संपर्क करके उचित सप्लीमेंट्स का चुनाव करें।
फैट की कमी
शरीर में फैट की कमी भी अधिक ठंड लगने की वजह हो सकती है। असल में ज्यादातर लोग फैट को बुरा मानते हैं, ऐसे में वो फैट के जमाव से बचने के लिए डाइटिंग से लेकर एक्सरसाइज जैसे तमाम तरीके भी अपनाते हैं। जबकि सेहतमंद रहने के लिए शरीर में एक निश्चित मात्रा में फैट का होना भी जरूरी है। फैट की कमी के चलते शरीर में थकान और तापमान में असामान्य परिवर्तन देखने को मिल सकता है। इसलिए अगर आपके शरीर में फैट की कमी है तो आपको इसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।
फैट की कमी की पूर्ति के लिए आपको अपनी डाइट में हेल्दी फैट्स को शामिल करना होगा। इसके लिए आप एवोकाडो, मछली, मूंगफली, सोयाबीन और जैतून के तेल जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन कर सकते हैं।
इन शारीरिक स्थितियों के अलावा संक्रामक रोगों के चपेट में आने पर भी अधिक ठंड महसूस हो सकती है। जैसे कि यूटीआई, मलेरिया और निमोनिया से पीड़ित व्यक्ति को सामान्य से अधिक ठंड महसूस होता है। इसलिए अगर आपको अचानक से ठंड महसूस होने लगे तो सचेत होने की आवश्यकता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर को जरूर दिखाएं वो आपके शारीरिक परीक्षण के आधार पर इसकी सही वजह बता पाएंगे।
उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें।
यह भी पढ़ें- Expert Tips: बॉडी हीट को कम करने के लिए ये 2 टिप्स अपनाएं
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें-
Image Credit: Freepik.com
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों