
आशा भोसले ने कुछ दिन पहले 92 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा। उनके जाने से मानो संगीत के एक युग का अंत हो गया। इससे पहले 6 फरवरी, 2022 को 92 साल की ही उम्र में लता मंगेशकर का निधन हुआ था। लता और आशा दोनों बहनों ने कई दशकों तक इंडस्ट्री पर राज किया और इनके गाए गाने आज भी उतने ही खूबसूरत लगते हैं, जितना उस दौर में थे, जब ये गाने रिलीज हुए थे। आशा भोसले स्वर कोकिला लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं, लेकिन उनकी पहचान सिर्फ इतनी नहीं थी। उन्होंने लता की परछाई से अलग अपनी एक पहचान बनाई थी। एक वक्त पर ये भी कहा जाने लगा था कि लता मंगेशकर, आशा भोसले को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती हैं और अपने रुतबे की वजह से वो कई बड़े प्रोजेक्ट्स आशा तक पहुंचने ही नहीं देती हैं। दोनों बहनों के बीच अनबन की खबरों ने भी एक वक्त पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। आशा से तल्खी पर लता मंगेशकर ने सालों पुराने एक इंटरव्यू में खुलकर बात की थी। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा था?
आशा भोसले और लता मंगेशकर के बीच अनबन की खबरें एक वक्त पर खूब सुर्खियों में रही थीं। कहा ये तक जाने लगा था कि लता मंगेशकर, आशा भोसले का करियर नहीं बनने देना चाहती थीं, उन्हें डर था कि कहीं आशा को उनसे ज्यादा सफलता न मिल जाए। इन सभी बातों को लता मंगेशकर ने एक पुराने इंटरव्यू में सिरे से खारिज किया था।

यह इंटरव्यू 90 के दशक का बताया जाता है। राजीव शुक्ला जो उस वक्त पत्रकार हुआ करते थे, उन्होंने लगा मंगेशकर से पूछा, "आशा जी के साथ आपके बड़े मतभेद थे और आशा जी को आपने बढ़ने नहीं दिया अपनी बहन को...।" इसके जवाब में लता मंगेशकर ने कहा, "आशा को अगर बढ़ने नहीं दिया होता तो आशा का आज इतना नाम होता...एक तो आशा हमारे यहां थी ही नहीं...आशा शादी करके चली गईं, उसके बाद उसका नाम हुआ, दूसरी बात आशा का स्टाइल अलग था और मेरा स्टाइल अलग था...हम दो बहनें हैं, आवाजें भी हमारी मिलती-जुलती हैं पर वो बहुत अलग स्टाइल के गाने गाती थी और मैं बहुत अलग स्टाइल के गाने गाती थी और बहन के साथ ऐसा करने का तो मैं कभी सोच ही नहीं सकती हूं।" इसके बाद पत्रकार ने पूछा, "तो ये इतना भ्रम कैसे फैला कि एक फिल्म भी बन गई साज, जिसमें उन्होंने घुमा-फिराकर कुछ इसी तरह की स्टोरी देने की कोशिश की।" इसके जवाब में लता मंगेशकर ने कहा था, "लोग इसी तरह की बातें करने की कोशिश करते हैं, उस फिल्म में जो भी दिखाया गया था, सब गलत था।"

लता मंगेशकर से जब इंटरव्यू के दौरान ये पूछा गया कि क्या आज भी दोनों बहनों के बीच प्यार कायम है, तो उन्होंने कहा था कि हमारे बीच हमेशा से सब अच्छा ही है और हम आज भी साथ हैं। लता ने ये भी कहा था कि मैंने अभी इन अफवाहों पर कुछ नहीं कहा, क्योंकि जब कुछ था ही नहीं, तो फिर मैं खंडन क्यों करूं, लोग बस गलत बातें फैलाने की कोशिश करते हैं।
यह भी पढ़ें- आशा भोसले के पहले पति कौन थे? 16 साल की उम्र में परिवार के खिलाफ जाकर की थी शादी लेकिन फिर...
आशा भोसले और लता मंगेशकर को फैंस हमेशा याद रखेंगे और इनके गाए गाने संगीत प्रेमियों के दिलों में रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।