सर्दियों में ये पांच नेचुरल इंग्रीडियंट्स लौटाएंगे बालों की चमक, जानें विंटर हेयर केयर टिप्स

बालों की केयर करने के लिए नेचुरल इंग्रीडियंट्स से अच्छा कुछ नहीं हो सकता है। आप सर्दियों के लिए इन 5 नेचुरल इंग्रीडियंट्स से बने हेयर मास्क ट्राई करें। 

natural hair care for  winters

सर्दियों के आते ही बालों की सेहत बहुत ही खराब होने लगती है। रूखे-सूखे बेजान बाल हमें बताते हैं कि उनकी केयर कितनी जरूरी है। इस समय बालों में डैंड्रफ भी बहुत बढ़ जाता है और समस्या जस की तस रह जाती है। हमें अपने बालों की केयर करने के लिए कई प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना होता है। ये बालों के लिए उतने अच्छे भी नहीं होते हैं और साथ ही साथ ये बहुत महंगे भी होते हैं।

अगर आप देखें तो ये समस्या लगभग हर लड़की के साथ होती है कि सर्दियों में उसे बालों की केयर कुछ ज्यादा करनी होती है। ऐसे में क्यों न हम कैमिकल युक्त प्रोडक्ट्स की जगह नेचुरल इंग्रीडियंट्स का इस्तेमाल करें। आज हम पांच खास नेचुरल इंग्रीडियंट्स और उनसे बनने वाले हेयर मास्क के बारे में बात करते हैं। ये पांच इंग्रीडियंट्स हैं दही, दूध, नारियल का तेल, अंडा, नींबू। आपने सुना होगा कि इन इंग्रीडियंट्स के साथ कई तरह के हेयर मास्क बनाए जाते हैं, लेकिन आज हम जो मास्क आपको बताने जा रहे हैं वो सर्दियों के लिए बहुत अच्छे साबित हो सकते हैं।

1. दूध से मिलेगा बालों को प्रोटीन-

आपने मिल्क प्रोटीन का नाम सुना होगा और ये बालों के लिए बहुत ही जरूरी होता है। बालों की सेहत को ठीक रखने के लिए हम दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं।

सर्दियों के लिए मिल्क हेयर मास्क-

सर्दियों के लिए आपको सिर्फ दो इंग्रीडियंट्स की जरूरत होगी। आप मिल्क हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए बस 1 कप दूध और शहद की जरूरत होगी।

1 कप कच्चे दूध में आप 1.5 चम्मच शहद मिलाएं और इसके बाद 30 मिनट तक इसे छोड़ दें। इसके बाद आपको बाल रेगुलर शैम्पू से धोने हैं। ऐसा हफ्ते में दो बार करने से बालों से ड्राईनेस जाएगी और ये ज्यादा बेहतर होंगे।

hair care for winter  natural

इसे जरूर पढ़ें- ब्रेस्ट कैंसर का जल्द पता कैसे लगाएं? एक्‍सपर्ट से जानें

2. दही से मिलेगा रूसी से छुटकारा-

दही का इस्तेमाल सर्दियों में सही तरह से अगर किया जाए तो स्कैल्प की सफाई होती है और रूसी से छुटकारा मिलता है। दही में लैक्टिक एसिड होता है जो बहुत ही लाभकारी साबित हो सकता है।

सर्दियों के लिए दही से बना हेयर मास्क-

सर्दियों के लिए आप दही से बने हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए आपको दही के साथ केला मिलाना होगा।

1 पके केल को आधे कप दही में मिलाएं और अगर आपके बाल बहुत फ्रिजी हैं तो इसमें दो चम्मच ऑलिव ऑयल भी मिलाएं। इसका पेस्ट बनाकर अपने स्कैल्प पर 45 मिनट तक लगाएं और फिर रेगुलर शैम्पू से इसे धो लें। ये बालों में लैक्टिक एसिड और पोटैशियम दोनों की कमी को पूरा करेगा।

hair care for winter

3. नारियल के तेल से दूर होगी खुश्की-

अगर आपके स्कैल्प में किसी तरह का इन्फेक्शन हो गया है, रूसी हो रही है या खुश्की है तो नारियल का तेल बहुत ही काम का साबित हो सकता है।

सर्दियों के लिए नारियल के तेल से बना हेयर मास्क-

नारियल के तेल से बना हेयर मास्क आपके काफी काम आ सकता है। आपको बस 2-3 चम्मच नारियल के तेल के साथ एप्पल साइडर विनेगर मिलाना है और थोड़ा सा शहद भी। इसे अच्छे से मिक्स कर अपने बालों में लगाएं और 30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें।

इसके बाद अपने रेगुलर शैम्पू से इसे धोएं और आप इसे हफ्ते में दो बार जरूर कर सकती हैं।

4. अंडे का प्रोटीन होगा बालों के लिए बेस्ट

अंडा वैसे भी बालों के लिए बहुत अच्छा माना जाता है और ऐसे में बालों की केयर करने के लिए आप अंडे का इस्तेमाल कर सकती हैं।

सर्दियों के लिए अंडे से बना हेयर मास्क-

आपको ये हेयर मास्क बनाने के लिए करना सिर्फ इतना है कि 1 अंडे का योक, 1 चम्मच शहद और 1 चम्मच ऑलिव ऑयल के साथ मिलाकर अपने बालों में लगाएं। अगर आपके बाल बड़े हैं तो 1 की जगह दो अंडों का इस्तेमाल करें और इसे बहुत अच्छे से फेंटें। इसे अपने बालों में 1 घंटे तक लगाकर रखें और 5 मिनट के लिए मसाज भी कर लें।

इसे रेगुलर शैम्पू से धो दें और ऐसा आप हफ्ते में तीन बार करें। ऐसा करने पर आपके बालों में शाइन भी आएगी और उनका रूखापन भी दूर होगा।

इसे जरूर पढ़ें- यूटरिन कैंसर हो सकता है खतरनाक, ऐसे करवाएं इसकी स्क्रीनिंग

5. नींबू का रस आएगा बहुत काम-

जब हम बाकी सभी इंग्रीडियंट्स की बात कर चुके हैं तो फिर नींबू के रस को कैसे भूल सकते हैं। रूसी को हटाने के लिए नींबू का रस और दही सबसे ज्यादा काम आ सकता है।

सर्दियों के लिए नींबू और दही से बना हेयर मास्क-

अगर आपके बालों में बहुत ज्यादा रूसी हो रही है तो आप दो चम्मच दही के साथ 1 चम्मच नींबू का रस और 1 चम्मच एप्पल साइडर विनेगर मिलाकर अपने स्कैल्प पर लगाएं।

इसे 30 मिनट तक रहने दें और उसके बाद रेगुलर शैम्पू से धो लें। आप इसके बाद कंडीशनर का इस्तेमाल जरूर करें। आपके बालों में वापस वो खोई हुई शाइन आ जाएगी।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP