
ऐसा कहा जाता है कि आपका आहार आपके विचारों को परिभाषित करता है और आपके विचार आपके कार्यों का आईना दिखाते हैं। शास्त्रों की मानें तो केवल केवल अच्छे कर्म ही आपको आध्यात्मिक प्रगति की ओर ले जा सकते हैं।
इसी वजह से हमेशा सत्कर्म करने की सलाह दी जाती है। आपके आहार से भी आपके आचरण निर्धारित होते हैं, इसी वजह से आपको हमेशा सात्विक और शास्त्रों के नियमों के अनुसार भोजन करने की सलाह दी जाती है।
हमारे धर्म शास्त्रों में भोजन को लेकर कई ऐसी बातें बताई जाती हैं जिनका पालन करने से आपके जीवन में सकारात्मकता बनी रहती है और सुख-समृद्धि आती है। सात्विक आहार के साथ-साथ भोजन करते समय जुड़ा भाव भी महत्वपूर्ण होता है।
यदि आप भोजन को ब्रह्म का रूप समझते हैं तो इसके लाभ कई गुना तक बढ़ जाते हैं। ऐसे ही शास्त्रों में भोजन के नियमों में से एक यह भी है कि आपको पहला ग्रास हमेशा अपनी प्लेट से निकाल देना चाहिए। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें भोजन के पहले पगला ग्रास किसके लिए निकाला जाता है और इसके क्या लाभ हो सकते हैं।

हिंदू परंपराओं में भोजन शुरू करने से पहले खाने का पहला निवाला गाय के लिए निकालने की प्रथा है। शास्त्रों में भी गाय को पूजनीय माना जाता है और ऐसा कहा जाता है कि गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। इसी वजह से पहली रोटी गाय को दी जाती है और खाते समय पहला निवाला गाय के लिए निकालने की बात कही होती है।
यह प्रथा शास्त्रों में उल्लिखित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं में निहित है। इस प्रथा को आज भी माना जाता है और यह कहा जाता है कि जो व्यक्ति नियमित रूप से भोजन का पहला ग्रास गाय के लिए निकालता है उसके जीवन में समृद्धि बनी रहती है।

भोजन शुरू करने से पूर्व पहला ग्रास गाय के लिए निकालने के कई कारण हैं। इसका मुख्य कारण गाय के प्रति सम्मान दिखाना है। गाय को अत्यंत पवित्र पशु माना जाता है और हिंदू धर्म में अहिंसा, मातृत्व और प्रचुरता के प्रतीक के रूप में इसकी पूजा होती है। यही नहीं इस एक पशु में 33 करोड़ देवी-देवता मौजूद होते हैं और यदि आप पहला ग्रास गाय के लिए निकालते हैं तो एक साथ आप सभी देवताओं को भोग लगाने जैसा माना जाता है। इस उपाय से सभी देवताओं का आशीर्वाद मिलता है और घर में सदैव खुशहाली बनी रहती है।
इसे जरूर पढ़ें: शास्त्रों के अनुसार भोजन करने के ये 5 नियम जानें
गाय को पवित्र माना जाता है और वो साथ में दूध, गोबर और मूत्र जैसे कई संसाधन भी प्रदान करती है, जिनका उपयोग दैनिक जीवन और विभिन्न अनुष्ठानों के लिए किया जाता है। हिंदू धर्म में गाय को भोजन खिलाकर लोग गाय के साथ ईश्वर का भी आशीर्वाद पाने की इच्छा रखते हैं।
गाय को खाना खिलाना दान और करुणा के कार्य के रूप में भी देखा जाता है। ऐसा माना जाता है कि ऐसे कृत्य सकारात्मक कर्म और आध्यात्मिक योग्यता उत्पन्न करते हैं। गाय हमेशा से ही समृद्धि और सौभाग्य से जुड़ी होती है, इसलिए भोजन से पूर्व गाय को पहला ग्रास खिलाना घर के लोगों के लिए आशीर्वाद पाने का एक तरीका माना जाता है। यह प्रथा पीढ़ियों से चली आ रही है और कई सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का एक अभिन्न अंग बन गई है।

भोजन को हमेशा से ही ब्रह्म का रूप माना जाता है और यदि आप इसे पूरे नियमों से करते हैं तो इसका महत्व और ज्यादा बढ़ जाता है। इसी वजह से भोजन हमेशा शुद्ध मन से करने की सलाह दी जाती है और पहला ग्रास गाय के निये निकालने से आपके घर की आर्थिक स्थिति हमेशा अच्छी बनी रहती है। शास्त्रों की मानें तो गाय को भोजन कराने से न सिर्फ गाय की रक्षा होती है बल्कि आपको भी सुरक्षा का आशीर्वाद मिलता है। यह उपाय आपके घर की दरिद्रता को दूर करता है और खुशहाली बनाए रखने में मदद करता है।
अगर हम विज्ञान की बात करें तो इसका कोई भी वैज्ञानिक कारण नहीं है कि आप अपने खाने का पहला ग्रास बाहर निकालें, लेकिन यदि आप अपनी दैनिक क्रियाओं के लिए शास्त्रों की बातों का पालन करते हैं तो ये एक अच्छी युक्ति मानी जाती है। इस तरीके से आप गाय और ईश्वर से जुड़ी कई चीजों के प्रति सम्मान व्यक्त कर सकते हैं। हालांकि इस नियम का पालन करना आपकी व्यक्तिगत पसंद पर भी निर्भर होता है।
इस प्रकार यदि हम ज्योतिष की मानें और शास्त्रों की बातों पर विश्वास करें तो भोजन का पहला ग्रास हमेशा गाय के लिए निकलना शुभ होता है, यही नहीं आपको पहली रोटी भी गाय के लिए ही निकालने की सलाह दी जाती है।
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें
आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर भेजें।
Images:Freepik.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।