Kanwar Yatra 2025: 11 जुलाई से सावन माह का प्रारंभ हो रहा है। सावन महीने के आते ही चारों तरफ हरियाली और भक्तिमय माहौल देखने को मिलता है। इस दौरान शिव भक्त हरिद्वार, गंगोत्री या गोमुख जैसे तीर्थ स्थलों से गंगाजल लेकर शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ लेकर पदयात्रा करते हैं। चारों ओर हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंज उठता है और चारों दिशाओं में कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ता है। भक्त भगवा वस्त्र धारण किए, गंगा के पवित्र जल से भरी कांवड़ को अपने कंधों पर उठाए, मीलों पैदल चलकर शिवालयों की ओर बढ़ते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस यात्रा में जल से भरी कांवड़ को आखिर लोग कंधे पर रखकर क्यों ले जाते हैं। चलिए पंडित उदित नारायण त्रिपाठी से जानते हैं इसके पीछे का कारण-
सबसे प्रमुख कारण यह है कि कंधे पर कांवड़ को रखने से भार का संतुलन बना रहता है। कांवड़ एक बहंगी होती है जिसके दोनों सिरों पर जलपात्र बंधे होते हैं और इसे कंधे पर रखने से दोनों ओर समान भार वितरित होता है। यह केवल एक भौतिक संतुलन नहीं बल्कि जीवन के सुख-दुख, लाभ-हानि जैसे चीजों में संतुलन बनाए रखने का भी आध्यात्मिक प्रतीक है।
इसे भी पढ़ें- Maha Shivratri 2025: महाशिवरात्रि के खास मौके पर शिव भक्त क्यों नहीं लाते कांवड़
पौराणिक कथाओं के अनुसार, सबसे पहले भगवान परशुराम ने अपने कंधे पर कांवड़ रख कर गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया था। इसके अलावा दूसरी कथा यह है कि लंकापति रावण द्वारा शिव को लंका ले जाते समय कांवड़ का उपयोग किया था। इन कथाओं ने कंधे पर कांवड़ रखने की परंपरा को और मजबूत किया।
कंधा श्रम, शक्ति और सहनशीलता का प्रतीक माना जाता है। कांवड़ को कंधे पर रखकर चलना इस बात का द्योतक है कि भक्त अपने सभी शारीरिक कष्टों और अहंकार को त्याग कर भगवान शिव के प्रति पूर्ण समर्पण भाव से यात्रा कर रहा है। यह एक प्रकार की तपस्या है, जहां भक्त स्वयं को प्रभु के चरणों में समर्पित कर, मोक्ष की कामना करता है। इस प्रकार, कंधे पर कांवड़ रखना केवल एक रस्म नहीं, बल्कि गहरी आस्था, त्याग और संतुलन का प्रतीक है।
इसे भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा के दौरान हो जाए पीरियड तो क्या करें?
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik, herzindagi
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।