क्या लड्डू गोपाल को काले वस्त्र पहनाना ठीक है? जानें क्या कहता है ज्योतिष

लड्डू गोपाल की पूजा के कुछ विशेष नियम बनाए गए हैं और उनके अनुसार ही श्रृंगार और भोग लगाना शुभ माना जाता है, यदि हम लड्डू गोपाल जी को उनकी पसंद के रंगों के कपड़े पहनाने की बात करें तो ज्योतिष में इससे जुड़े भी कुछ नियम हैं। आइए जानें उनके बारे में विस्तार से।
image

भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा हर घर में बड़े श्रद्धा और भक्ति भाव से की जाती है। भक्त अपने लड्डू गोपाल को न केवल स्नान कराते हैं, बल्कि उन्हें नए-नए वस्त्रों से सुसज्जित भी करते हैं। लड्डू गोपाल को प्रसन्न करने के लिए लोग उन्हें पसंद का भोग तो अर्पित करते ही हैं और उन्हें श्रृंगार करके सुसज्जित भी करते हैं। रंग-बिरंगे वस्त्रों से लड्डू गोपाल को सजाने से उनका आशीर्वाद मिलता है और घर में समृद्धि का आगमन होता है। यही नहीं कई लोग दिन के अनुसार शुभ रंगों का चयन करके भी लड्डू गोपाल को सजाते संवारते हैं। ऐसे ही हमारे मन में एक सवाल आता है कि क्या लड्डू गोपाल को काले रंग के वस्त्र पहनाए जा सकते हैं? काले रंग को आमतौर पर नकारात्मक ऊर्जा, शनि ग्रह और राहु-केतु से जोड़ा जाता है, इसलिए इसे भगवान के श्रृंगार में प्रयोग करने को लेकर कई सवाल मन में आते हैं।

कुछ मान्यताओं के अनुसार, लड्डू गोपाल को हल्के और शुभ रंग के वस्त्र पहनाने चाहिए, जबकि कुछ भक्त विशेष अवसरों पर कृष्ण के प्रति अपनी भक्ति प्रकट करने के लिए काले रंग का भी उपयोग करते हैं। मन में रंगों के लेकर कई सवाल आते हैं, ऐसे में इस बात को गहराई से जानने के लिए हमने ज्योतिषाचार्य पंडित अनिल चंद्र डौर्बी पराशर जी से बात की। आइए उनसे इसके बारे में विस्तार से जानते हैं कि क्या लड्डू गोपाल को काले वस्त्र पहनाए जा सकते हैं अथवा नहीं?

ज्योतिष में काले रंग का महत्व

laddu gopal dress

ज्योतिष शास्त्र में काले रंग का विशेष स्थान है। इसे मुख्य रूप से शनि देव, राहु और केतु ग्रहों से जोड़ा जाता है। काला रंग गंभीरता, शक्ति और रहस्य का प्रतीक माना जाता है। यह न केवल आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को दिखाता है। यही नहीं इसे नकारात्मक ऊर्जा को अवशोषित करने वाला भी माना जाता है। यही कारण है कि कई लोग इसे बुरी नजर से बचाव के लिए भी उपयोग करते हैं। इस रंग का शनि देव से इसका गहरा संबंध होने के कारण, काले रंग को अनुशासन, कर्मफल और संयम से भी जोड़ा जाता है। हालांकि, कुछ मामलों में यह रंग ज्योतिष में हमेशा शुभ नहीं माना जाता है।

कई धार्मिक और मांगलिक कार्यों में काले वस्त्र धारण करने की मनाही भी होती है क्योंकि इसे अशुभ संकेतों से जोड़ा जाता है। खासकर विवाह, पूजा-पाठ या नए कार्यों की शुरुआत में काले रंग से बचने की सलाह दी जाती है। वहीं कुछ विशेष अवसरों जैसे शनि जयंती, शनि पूजा या शनि दोष निवारण उपायों में काले रंग का प्रयोग लाभकारी माना जाता है।

इसे जरूर पढ़ें: क्या लड्डू गोपाल को अपने साथ हर जगह ले जाना ठीक है? ज्योतिष एक्सपर्ट से जानें इससे जुड़ी बातें

क्या लड्डू गोपाल को काले वस्त्र पहनाना ठीक है?

is black colour good for laddu gopal

शास्त्रों की मानें तो भगवान विष्णु के सभी स्वरूपों को सामान्यतः शुभ और सौम्य रंगों के वस्त्र पहनाने की परंपरा है। पीला, केसरिया, लाल, हरा, गुलाबी, और सफेद रंग को श्रीहरि के प्रिय रंगों में से माना जाता है। वहीं जब बात लड्डू गोपाल के श्रृंगार और वस्त्रों की आती है तो उन्हें आप किसी भी रंग के वस्त्र पहना सकते हैं।

ज्योतिषाचार्य अनिल चंद्र डौर्बी जी बताते हैं कि आप बाल गोपाल को किसी भी रंग से सुसज्जित करें तो वह शुभ ही होता है। हालांकि इस बात का ध्यान रखना भी जरूरी है कि वस्त्र फटे-पुराने या गंदे नहीं होने चाहिए। कहा जाता है कि भगवान भाव के भूखे हैं इसलिए यदि आप उन्हें श्रद्धा से साफ़ वस्त्र पहनाएं तो इसका सकारात्मक प्रभाव ही होता है।

क्या लड्डू गोपाल को नियमित काले वस्त्र पहनाना ठीक है?

अगर हम नियमित रूप से लड्डू गोपाल को काले वस्त्र पहनाने की बात करते हैं तो यह जरूरी नहीं है कि उन्हें रोज़ काले रंग के कपड़े ही पहनाए जाएं। चूंकि काला रंग नकारात्मक ऊर्जा को अवशोषित करता है, इसलिए आप इस रंग के कपड़े रोज कान्हा को न पहनाएं तो बेहतर है। हालांकि श्रीकृष्ण स्वयं विष्णु के अवतार हैं और उन्हें शनि और राहु के प्रभाव से परे माना जाता है। इसलिए उन्हें कभी-कभी काले रंग के वस्त्र पहनाए जा सकते हैं।

यदि कोई भक्त शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या राहु-केतु की महादशा से गुजर रहा हो, तो किसी पंडित से परामर्श लेकर लड्डू गोपाल को काले वस्त्र धारण कराए जा सकते हैं। यदि किसी भक्त पर शनि की कुदृष्टि हो, तो शनिवार को लड्डू गोपाल को काले वस्त्र पहनाकर शनि मंत्रों का जाप करने की सलाह दी जाती है। कृष्ण जन्माष्टमी पर यदि विशेष रूप से कृष्ण के बाल स्वरूप की आराधना करनी हो, तो उन्हें काले रंग की पोशाक पहनाई जा सकती है। ग्रहण काल में नकारात्मक ऊर्जा अधिक सक्रिय रहती है, ऐसे में लड्डू गोपाल को काले वस्त्र पहनाकर उनकी विशेष पूजा की जा सकती है।

इसे जरूर पढ़ें: क्या लड्डू गोपाल को बासी तुलसी की पत्तियां चढ़ाई जा सकती हैं? जानें ज्योतिष की राय

लड्डू गोपाल के लिए शुभ रंग कौन से हैं?

which colour is good for laddu gopal

यदि आप लड्डू गोपाल को दिन के अनुसार वस्त्र पहनाते हैं तो बहुत शुभ माना जाता है और उनकी कृपा भी बनी रहती है। सोमवार के दिन लड्डू गोपाल को सफेद और हल्के नीले रंग के वस्त्र पहनाएं, मंगलवार को लाल और केसरिया रंग के वस्त्र पहनाएं। बुधवार के दिन लड्डू गोपाल को हरे और हल्के पीले रंग के कपड़े पहनाने की सलाह दी जाती है।

ऐसे ही गुरुवार के दिन पीले या सुनहरे रंग के वस्त्र पहनने की सलाह दी जाती है। शुक्रवार को गुलाबी और सफेद रंग के वस्त्र पहनाने की सलाह दी जाती है। यदि आप शनिवार की बात करें तो लड्डू गोपाल को इस दिन गहरा नीला और बैंगनी रंग के वस्त्र पहनाने चाहिए। रविवार के दिन आप यदि लड्डू गोपाल को नारंगी और लाल रंग के वस्त्र पहनाएं तो बहुत शुभ माना जाता है।

यदि आप लड्डू गोपाल को यहां बताए रंगों के अनुसार वस्त्र पहनाते हैं तो इसे बहुत शुभ माना जाता है। आपकी इस बारे में क्या राय है, हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Images: freepik.com

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP