Chaitra Navratri Griha Pravesh Rules: चैत्र नवरात्रि में करने जा रहे हैं नए घर में प्रवेश तो जरूर जानें ये जरूरी बातें

अगर आप चैत्र नवरात्रि के दौरान नए घर में प्रवेश कर रहे हैं, तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखने की जरूरत होती है, जिससे किसी तरह की नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश नए घर में न हो सके।
image

चैत्र नवरात्रि एक पावन समय होता है, जब माता दुर्गा की उपासना की जाती है। वैसे तो साल में चार नवरात्रि तिथियां होती हैं, लेकिन उनमें से दो नवरात्रि तिथियों को प्रमुख माना जाता है। पहली चैत्र महीने में मनाई जाती है और दूसरी शरद नवरात्रि को। यह समय न केवल आध्यात्मिक उन्नति के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है, बल्कि नए कार्यों की शुरुआत और गृह प्रवेश जैसी गतिविधियों के लिए भी शुभ माना जाता है। इन नौ दिनों में लोग माता के विभिन्न स्वरूपों की पूजा करते हैं और माता को उनकी पसंद के अनुसार चीजें अर्पित करते हैं।

यही नहीं, यदि आप इस पावन समय में नए घर में प्रवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार कुछ महत्वपूर्ण नियमों का पालन करना आपके लिए जरूरी होता है। ये नियम न केवल आपके घर में सुख-समृद्धि लाते हैं, बल्कि नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में भी मदद करते हैं। आइए, ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी के मुताबिक, यदि आप चैत्र नवरात्रि के दौरान गृह प्रवेश कर रहे हैं, तो यहां बताई बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

चैत्र नवरात्रि में गृह प्रवेश करने का महत्व

significance of griha pravesh during navratri

चैत्र नवरात्रि एक पवित्र और शुभ अवसर माना जाता है, जिसमें किसी भी नए कार्य की शुरुआत को अत्यधिक मंगलकारी माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दौरान गृह प्रवेश करने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। गृह प्रवेश एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है, जिसे सही विधि-विधान के साथ करना आवश्यक माना जाता है। अगर आप इस पावन अवसर पर अपने नए घर में प्रवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो यह आपके और परिवार के लोगों के लिए बहुत शुभ होता है। आपको चैत्र नवरात्रि में गृह प्रवेश करते समय कुछ चीजें ध्यान में रखनी चाहिए। आइए जानें, उनके बारे में-

मुख्य द्वार पर अशोक या आम के पत्तों का तोरण लगाएं

यदि आप नए घर में प्रवेश के समय घर के मुख्य द्वार को पवित्र और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर बनाए रखने के लिए अशोक या आम के पत्तों का तोरण लगाएं, तो यह आपके लिए बहुत शुभ हो सकता है। यह उपाय घर को नकारात्मक शक्तियों से बचाने में सहायक होता है। मान्यता के अनुसार, अशोक के पत्ते सुख-शांति के प्रतीक माने जाते हैं और बुरी नजर से बचाते हैं। वहीं, आम के पत्तों का तोरण लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसे मुख्य द्वार के ऊपर स्थापित करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

इसे जरूर पढ़ें: नए घर में प्रवेश करते समय आजमाएं ज्योतिष के ये उपाय, कभी नहीं होंगी समस्याएं

गृह प्रवेश के समय जरूर करें कलश स्थापना

kalash sthapna in new home

नए घर में गृह प्रवेश करने के दौरान कलश की स्थापना को विशेष रूप से शुभ माना जाता है। यह समृद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और देवी लक्ष्मी की कृपा को आमंत्रित करता है। नए घर में प्रवेश करते समय आप सबसे पहले एक तांबे या मिट्टी का कलश लें और उसमें स्वच्छ जल भरें।

कलश में आम के आठ पत्ते लगाएं और उसके ऊपर एक नारियल रखें। कलश पर सिंदूर या रोली से स्वस्तिक का चिह्न बनाएं, जिसे शुभता और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इसे मुख्य द्वार के पास या पूजा स्थान पर रखें और मंत्रोच्चारण के साथ इसकी पूजा करें। गृह प्रवेश से पहले, यह कलश देवी-देवताओं का आह्वान करने और घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने का कार्य करता है।

इसे जरूर पढ़ें: तुलसी का पौधा हाथ में लेकर क्यों किया जाता है नए घर में प्रवेश?

शादीशुदा लोग जोड़े में ही गृह प्रवेश करें

यदि गृह प्रवेश करने वाले व्यक्ति पति-पत्नी हैं, तो उन्हें साथ में ही नए घर में प्रवेश करना चाहिए। यह शुभ संकेत माना जाता है और गृहस्थ जीवन में प्रेम, समर्पण और सौहार्द को बढ़ाने में सहायक होता है। गृह प्रवेश के समय महिलाओं को अपना बायां पैर पहले रखना चाहिए, क्योंकि यह मंगलकारी माना जाता है। वहीं पुरुषों को अपना दाहिना पैर आगे बढ़ाते हुए घर में प्रवेश करना चाहिए, जिससे जीवन में शुभता और समृद्धि बनी रहती है। प्रवेश के समय मन में सकारात्मक विचार और भगवान का स्मरण करना चाहिए।

गृह प्रवेश से पहले घर की शुद्धि करें

grih pravesh rules in navratri

नए घर में प्रवेश करने से पहले उसकी शुद्धि करना बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है, जिससे वहां पहले से मौजूद किसी भी नकारात्मक ऊर्जा का नाश हो सके।इसके लिए आप सबसे पहले पूरे घर में गंगाजल छिड़कें। इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है। यही नहीं, गृह प्रवेश के समय घर पर हवन करने से भी पूरे घर का शुद्धिकरण होता है। यदि आप घर के मुख्य द्वार पर हल्दी का स्वस्तिक बनाएं तो यह भी घर की उन्नति के लिए बहुत शुभ माना जाता है।

यदि आप नए घर में प्रवेश करते समय यहां बताई बातों का ध्यान रखें और घर में तुलसी का पौधा लेकर प्रवेश करें तो आपके जीवन में सदैव कुशलता बनी रहती है।

आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

Images: freepik.com

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP