हिंदू धर्म में सावन के महीने का विशेष महत्व है। श्रावण मास को मनोकामनाओं को पूरा करने का महीना भी कहा जाता है। शास्त्रों के अनुसार भोलेनाथ को सावन का महीना अति प्रिय है और जो भी भक्त सावन के महीने में पूरे विधि-विधान से गौरी और शंकर की पूजा करते हैं, उन पर भोलेनाथ की विशेष कृपा होती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन के महीने में भगवान शिव का अभिषेक करना बहुत ही फलदायी होता है, इसलिए सावन में लोग रुद्राभिषेक भी करते हैं। आइए जानी मानी ज्योतिषाचार्य एवं वास्तु विशेषज्ञ डॉ आरती दहिया जी से जानें कि इस साल यानी साल 2021 में कब से शुरू हो रहा है सावन का महीना और राशियों के अनुसार इस महीने में कैसे शिव पूजन करना फलदायी होगा।
साल 2021 में कब से शुरू हो रहा है सावन का महीना
हिंदी पंचांग के अनुसार, आषाढ़ के महीने के बाद सावन का महीना आता है। सावन के महीने को श्रावण मास भी कहा जाता है और इसका विशेष महत्त्व है। इस साल आषाढ़ महीने की पूर्णिमा तिथि यानी गुरु पूर्णिमा 24 जुलाई, शनिवार को है और इसके अगले दिन यानी 25 जुलाई, रविवार के दिन से सावन के शुभ महीने का आरंभ हो जाएगा।
सावन माह के सोमवार की तिथियां
- पहला सावन सोमवार-26 जुलाई 2021
- दूसरा सावन सोमवार- 2 अगस्त 2021
- तीसरा सावन सोमवार- 9 अगस्त 2021
- चौथा सावन सोमवार- 16 अगस्त 2021