इस समय सीजन विजिट करें एक ऐसा आइलैंड जहां महिलाओं को ही मिलती है एंट्री

दुनिया में कुछ ऐसी जगह भी हैं जहां केवल महिलाओं का ही राज चलता है। ऐसी ही एक जगह फिनलैंड में भी है, जहां केवल महिलाओं को ही एंट्री मिलती है। 

Anuradha Gupta

आपने ऐसी कई जगहों के बारे में सुना होगा, जहां महिलाओं की एंट्री पर बैन लगा हुआ है। इसमें कई धार्मिक स्‍थल, बार और अन्‍य जगह आती हैं, जहां केवल पुरुषों को ही एंट्री दी जाती है। मगर दुनिया में कुछ ऐसी जगह भी हैं जहां केवल महिलाओं का ही राज चलता है। ऐसी ही एक जगह फिनलैंड में भी है। जी हां, इस स्‍कैंडीनेवियन कंट्री के बाल्टिक सी आइलैंड के पास एक ऐसा आइलैंड है जहां मर्दों की एंट्री पर बैन है। यहां केवल महिलाएं ही आ सकती हैं। इस आइलैंड का नाम सुपरशी है। 

महिलाओं के इस आइलैंड को खोजने वाली भी एक महिला ही हैं। इस आइलैंड को अमेरिका की बिजनेसवुमन क्रिस्‍टीना रॉथ ने खोजा है। दरअसल क्रिस्‍टीना को मर्दों से कोई परेशानी नहीं है मगर वह महिलाओं के बारे में ज्‍यादा सोचती हैं। क्रिस्‍टीना हमेशा चाहती थी कि दुनिया में एक ऐसी जगह जरूर होनी चाहिए जहां केवल महिलाएं ही महिलाएं हों और मर्दों का आना वहां प्रतिबंधित हो। इस सोच के पीछे क्रिस्‍टीना का माकसद यह था कि वह चाहती थी महिलाएं कुछ वक्‍त निकाल कर केवल अपने बारे में सोचें और कुछ वक्‍त बिना मर्दों के बिताएं।

क्रिस्‍टीना की तलाश तब खत्‍म हुई जब उन्‍हें फिनलैंड के पास यह आइलैंड मिला। वह बताती हैं, महिलाएं अपने ऑफिस और घर की जिम्‍मेदारियों में इस कदर फंसी रहती हैं कि उन्‍हें अपने लिए वक्‍त निकालने का समय ही नहीं मिल पाता है। ऐसे में महिलाएं न तो अपने फिटनेस का ख्‍याल रख पाती हैं और न ही न्‍यूट्रीशन का। इस बात का मुझे हमेशा दुख रहता था। मै सोचती थी कि एक जगह तो ऐसी हो जहां महिलाएं पूरी तरह से केवल अपना ख्‍याल रख सकें । जहां उन्‍हें उनके इस्‍तेमाल की सारी चीजें मिलें और सुख पहुंचाने वाली सारी सुविधाएं। यही सोच कर मैंने इस आइलैंड को महिलाओं के लिए तैयार किया। 

8.4 एकड़ में बसे इस आइलैंड पर क्रिस्‍टीना ने एक रिजॉर्ट बनवाया है। इस रिजॉर्ट में 4 कैबिन हैं जहां एक साथ 10 महिलाएं आराम कर सकती हैं। इतना ही नहीं इस रिजॉर्ट में महिलाओं के लिए स्‍पा, सौना बाथ और कई ऐसी सुविधाएं भी हैं जो उन्‍हें पूरी तरह रिलैक्‍स करने का मौका देती हैं। एक मीडिया हाउस की रिपोर्ट के मुताबिक इस रिजॉर्ट में एक कैबिन की कीमत 3 हजार डॉलर से लेकर 6 हजार डॉलर तक रहेगी। यहां महिलाएं 5 दिन तक रह सकती हैं। लेकिन इस रिजॉर्ट में अपने लिए कैबिन महिलाओं को पहले से बुक करना होगा। यहां कैबिन बुक करना भी आसान नहीं है। जो महिला इस कैबिन में 5 दिन गुजारना चाहती है उसे पहले स्‍काइप पर इंटरव्‍यू देना होगा। इंटरव्‍यू के जरिए तय किया जाएगा कि महिला को क्‍या वाकई उस आइलैंड पर आना चाहिए या नहीं।  

आपको बता दें कि यह आइलैंड अभी ज्‍यादा पुराना नहीं है। क्रिस्‍टीना ने यह आइलैंड सितंबर 2017 में खरीदा था। अभी इस आइलैंड में बन रहे रिजॉर्ट में काम चल रहा है मगर उम्‍मीद है कि इस समर सीजन में इसे महिलाओं के लिए खोल दिया जाएगा। बेस्‍ट बात यह है कि इस आइलैंड पर क्रिस्‍टीना ने महिलाओं के लिए किसी भी तरह की नियम कायदे नहीं बनाए हैं। इस आइलैंड पर महिलाएं रहने के साथ ही अपने मन का खा सकती हैं अपने मनमुताबिक कपड़े पहन सकती हैं और अपने दिल की बात कर सकती हैं। यहां क्रिस्‍टीना ने महिलाओं के लिए योगा और मेडिटेशन का भी इंतजाम किया है। 

क्रिस्टीना को इस आइलैंड को बसाने का ख्‍याल तब आया जब उन्‍होंने महसूस किया कि महिलाएं अपने से ज्‍यादा अपनी फैमिली का ध्‍यान रखती हैं। साथ ही महिलाएं चाह कर भी अपने घूमने के शौक को पूरा नहीं कर पाती हैं। उन्‍हें कहीं भी जाने के लिए मर्दों का सहारा लेना पड़ता है। तब क्रिस्‍टीना को लगा कि क्‍यों न एक ऐसी जगह हो जहां जाने के लिए महिलाओं को मर्दों की हेल्‍प न लेनी पड़े और न ही उन्‍हें अपने अलावा किसी और के बारे में सोचने का समय मिले। खुशी की बात तो यह है कि यह आइलैंड जून 2018 तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा और महिलाओं के लिए खोल दिया जाएगा।